संवाद न्यूज एजेंसी
नैनाटिक्कर (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नैनाटिक्कर में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। शिविर के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्यातिथि डॉ. दूनी चंद कश्यप ने शिरकत की।
मुख्यातिथि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद विद्यालय की प्रधानाचार्या संगीता भट्टी ने मुख्यातिथि डॉ. दूनी चंद कश्यप का शॉल, टोपी और स्मृति चिह्न भेंट कर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया और उनका आभार व्यक्त किया।
डॉ. दूनी चंद कश्यप ने स्वयंसेवियों को एनएसएस के मूल मंत्र स्वयं से पहले आप.., का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि एनएसएस शिविर विद्यार्थियों के जीवन में अनुशासन, नेतृत्व, समाज सेवा और आत्मनिर्भरता जैसे गुणों का विकास करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शिविर के दौरान सीखी गई बातों को अपने जीवन में आत्मसात करें और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें।
प्रधानाचार्या संगीता भट्टी ने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और सामाजिक सरोकार से जोड़ता है। सात दिनों तक चलने वाले इस शिविर में विद्यार्थियों को स्वच्छता अभियान, नशा निवारण जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, साक्षरता रैली, योग और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से समाज सेवा का व्यावहारिक ज्ञान दिया जाएगा।
इस अवसर पर एनएसएस प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, महिला प्रभारी वर्षा भारद्वाज, विद्यालय के उपप्रधानाचार्य भूपेंद्र गौतम समेत स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।-