नाहन/कालाअंब (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला त्रिलोकपुर में एनएसएस का सात दिवसीय शिविर सफलतापूर्वक आयोजित हुआ। शिविर में स्वयंसेवियों ने विभिन्न सामुदायिक एवं जनसेवा गतिविधियों में सक्रियता से अपनी भागीदारी निभाई।
इसके समापन समारोह में कैप्टन सलिंद्र ठाकुर ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। जबकि स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पवन कुमार भारद्वाज ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। प्रधानाचार्य प्रिया तोमर विशेष रूप से मौजूद रहीं।
विज्ञापन
दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के बाद कार्यक्रम अधिकारी योगदाज और सविता भारद्वाज ने सात दिन तक चली विभिन्न गतिविधियों पर प्रकाश डाला। इसमें स्वच्छता, पौधरोपण, योग, व्यक्ति विकास जैसी गतिविधियां शामिल रहीं।
मुख्यातिथि ने अपने संबोधन में स्वयंसेवियों को एकता व अनुशासन का पाठ पढ़ाया। जबकि प्रधानाचार्य ने स्वयंसेवियों के कार्यों को सराहा। अंत में सांस्कृतिक गतिविधियां हुईं और वंदे मातरम् के साथ इस शिविर का समापन हुआ। इस अवसर पर पूरा स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।