अंधेरे के कारण हादसों और चोरियों का खतरा बढ़ा, लोगों ने लाइटें ठीक करने की गुहार लगाई
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। शहर के वार्ड नंबर तीन के अंतर्गत आने वाले हाथी की कब्र क्षेत्र में सीजेएम निवास के समीप पिछले पांच दिनों से स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे रात होते ही इलाके में अंधेरा पसर जाता है। अंधेरा होने के कारण स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों का आवागमन दूभर हो गया है। स्ट्रीट लाइट न जलने से सड़क हादसों के साथ-साथ क्षेत्र में चोरियों की आशंका भी बढ़ गई है।
स्थानीय निवासी वसीम सैय्यद ने समस्या को लेकर चिंता जाहिर करते हुए बताया कि पिछले पांच दिनों से शाम होते ही यहां अंधेरे का साम्राज्य हो जाता है। स्ट्रीट लाइटों के खराब होने से रात के समय सड़क पर पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व किसी भी वारदात को अंजाम दे सकते हैं, जिससे स्थानीय निवासियों में डर का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद अध्यक्ष और कार्यकारी अधिकारी से मांग की है कि जल्द से जल्द बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करवाया जाए, ताकि लोगों को इस अंधेरे से निजात मिल सके और क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।