-प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने मेडिकल कॉलेज की बदहाली को लेकर प्रदेश सरकार पर साधा निशाना
-कहा, ऑपरेशन थिएटर दो वर्ष से बंद, सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड सुविधा नहीं मिल रही
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की कथित बदहाली को लेकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान में मरीजों को मूलभूत चिकित्सा सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। इससे मरीजों को जांच और उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।
डॉ. बिंदल ने दावा किया कि अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर करीब दो साल से बंद पड़े हैं। उन्होंने कहा कि सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड जैसी महत्वपूर्ण जांच सुविधाएं भी प्रभावित हैं। अस्पताल आने वाले मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए बाहर भेजा जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकारी अस्पताल में ही जांच की सुविधा होनी चाहिए तो मरीजों को निजी स्तर पर जांच करवाने के लिए क्यों मजबूर होना पड़ रहा है।
उन्होंने एक्सरे सुविधा को लेकर भी सवाल उठाए। बिंदल ने कहा कि मरीजों को एक्सरे करवाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है और रिपोर्ट उपलब्ध करवाने की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं है। आपातकालीन स्थिति में इससे मरीजों की परेशानी और बढ़ जाती है। मरीजों पर पर्ची शुल्क का अतिरिक्त बोझ डाला गया है। कई जांचें बाहर से करवानी पड़ रही हैं और दवाइयां भी बाहर से खरीदने की नौबत आ रही है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि करीब चार साल से मेडिकल कॉलेज के भवन का निर्माण कार्य ठप पड़ा है। पुराने भवन को उधेड़कर केवल दिखावटी काम किए जा रहे हैं, जबकि मूलभूत समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने अस्पताल में पानी के रिसाव और गंदगी का आलम हैं। मरीजों और तीमारदारों को छत या सीलिंग का हिस्सा गिरने का डर बना रहता है।
उन्होंने कहा कि नाहन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल उपचार केंद्र के बजाय रेफरल सेंटर बनकर रह गया है। गंभीर मरीजों को उपचार देने के बजाय दूसरे अस्पतालों में भेजा जा रहा है। डॉ. बिंदल ने सरकार से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और आधारभूत ढांचे को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता की स्वास्थ्य सुविधाओं से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।