कर्मचारी न होने से लोगों को नहीं मिल रहीं हैं मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाएं
महीने में मात्र टीकाकरण करने ही प्रतिनियुक्ति पर आते हैं कर्मचारी
देवराज शर्मा
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद क्षेत्र की तीन पंचायतों को लाभान्वित करने वाले चाकली स्वास्थ्य उपकेंद्र में दो वर्ष से ताले लटके हुए हैं। इसके चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को छोटी सी बीमारी के लिए भी कई किलोमीटर दूर जाकर दवाइयां लानी पड़ रहीं हैं।
स्वास्थ्य उपकेंद्र में कोई भी कर्मचारी न होने के कारण क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल रही है। केंद्र में महीने में मात्र टीकाकरण करने ही प्रतिनियुक्ति पर कर्मचारी आते हैं। ग्रामीणों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से यहां पर नियमित स्वास्थ्य कार्यकर्ता की तैनाती का आग्रह किया है।
स्वास्थ्य उपकेंद्र से काटली कथाड और जामन की सेर पंचायत के लोग लाभान्वित होते हैं। ग्रामीण देवेंद्र दत्त, प्रमोद कुमार, रामेश्वर दत्त, मदन सिंह, रणजीत सिंह, विनोद कुमार, ओमप्रकाश, प्रेम दत्त, वीरेंद्र दत्त और ललित कुमार ने बताया कि पिछले दो वर्षों से केंद्र में कोई भी स्वास्थ्य कर्मचारी तैनात नहीं है। उन्हें छोटी सी बीमारी के लिए भी सराहां और अन्य स्वास्थ्य केंद्र में जाकर दवाइयां लानी पड़ रहीं हैं। इस विषय को लेकर कई बार विभाग और क्षेत्र के नेताओं से बात कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो पाई है।
खंड चिकित्सा अधिकारी पच्छाद डॉ. पुनीत शर्मा ने बताया कि सरकार की ओर से हाल में कुछ स्वास्थ्य उपकेंद्रों में सीएचओ की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि जिन केंद्रों में पद रिक्त चल रहे हैं, वहां जल्द तैनाती के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल प्रतिनियुक्ति के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाई जा रहीं हैं।
संवाद