ददाहू (सिरमौर)। विद्युत उपमंडल ददाहू के अंतर्गत शनिवार को लगातार 8 घंटे तक बिजली गुल रही। इस कारण जहां लोगों के कामकाज पर गहरा असर दिखाई दिया, वहीं सभी सरकारी कार्यालयों में भी कामकाज प्रभावित हुआ।
दरअसल सुबह 6 बजे के करीब ददाहू विद्युत सबस्टेशन में लगे करंट ट्रांसफार्मर (सीटी) उपकरण में ब्लास्ट होने से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। बोर्ड की ओर से इसे दोबारा स्थापित किया गया। करीब ढाई बजे विद्युत आपूर्ति सुचारू हो पाई। इस दौरान उपभोक्ताओं के साथ-साथ सिविल अस्पताल में भी रोगियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। अस्पताल में रोगियों को एक्सरे और टेस्ट की सुविधा के बिना ही घर लौटना पड़ा।
सहायक अभियंता कोमल शर्मा ने बताया कि विद्युत सब स्टेशन ददाहू में सीटी के अचानक ब्लास्ट होने से यह समस्या उत्पन्न हुई। नई सीटी की व्यवस्था करके उसे स्थापित किया गया है। इसके चलते कुछ घंटों के लिए विद्युत आपूर्ति बाधित हुई।