ददाहू में सादगी से मनाया जाएगा 78वां स्वतंत्रता दिवस
प्रदेश में प्राकृतिक आपदा के मद्देनजर नहीं होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। 78वां स्वतंत्रता दिवस समारोह ददाहू के तहसील प्रांगण में सादगी से मनाया जाएगा। प्रदेश में बढ़ रही प्राकृतिक आपदाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान ध्वजारोहण, सलामी व राष्ट्रीय गीत का आयोजन होगा। इसके बाद एनडीआरएफ व होमगार्ड की टीम के द्वारा मॉकड्रिल का आयोजन किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को ददाहू में बैठक में यह निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए तहसीलदार ददाहू जय सिंह ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व को मानना हम सब की नैतिक जिम्मेदारी व कर्तव्य है। इन पर्वों के आयोजन से जहां हमारी युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है, वहीं हमारे देश के महान सपूतों को स्मरण करने का मौका भी मिलता है।
बैठक में एसएचओ रेणुका प्रियंका चौहान, एनडीआरएफ के निरीक्षक रूप शरण, बीईईओ सतीश शर्मा, डाॅ. मयंक गौतम, प्रो. दिनेश शर्मा, कनिष्ठ अभियंता नरेश कुमार, सुरेश कुमार, ददाहू पंचायत के प्रधान पंकज गर्ग, जेओ अमिता चंदन, मुख्य आरक्षी आशु अग्रवाल, राजन गोयल व महिला मंडल प्रधान नीलम अग्रवाल सहित अन्य विभागों के कर्मचारी व निजी स्कूलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
संवाद