गर्मियां शुरू होते ही जिला सिरमौर में कोल ड्रिंक्स व शीतल पेय पदार्थों की डिमांड बढ़ गई है जिसका दुकानदार भारी लाभ उठा रहे हैं। कुछ दुकानदार प्रिंट रेट से अधिक दाम वसूलकर बाहर से आने वाले सैलानियों व उपभोक्ताओं को लूट रहे हैं। उपभोक्ताओं द्वारा विरोध करने पर वह उनके साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं।
उपभोक्ता आकाश गौतम, गौरव तोमर, सुरेश भारद्वाज, अमित कुमार, नरेंद्र ठाकुर व राहुल चौहान आदि ने बताया कि कालाअंब-मोगीनंद मार्ग पर सड़क किनारे, नाहन एवं पांवटा बस स्टैंड सहित जिला के कई टूरिस्ट प्लेसों पर कोल ड्रिंक्स व शीतल पेय पदार्थों को प्रिंट रेट से अधिक दामों में बेचा जा रहा है। नाप तोल विभाग की ओर से कार्रवाई नहीं होने से इन दुकानदारों के हौसले बुलंद हैं जिस कारण यह भारी मात्रा में मुनाफा कमा रहे हैं।
उधर इस संबंध में नापतोल विभाग के इंस्पेक्टर एआर कश्यप ने कहा कि प्रिंट रेट से ऊपर दाम वसूलना गलत है। यदि कोई दुकानदार उपभोक्ता से एमआरपी से अधिक दाम वसूलता है तो वह उन्हें इसकी सूचना दें। वह उसी दौरान मौके पर जाकर उसका चालान काटेंगे।
बाक्स..
शिलाई और नाहन में काटे दो चालान
कोल ड्रिंक्स व शीतल पेय पदार्थों पर प्रिंट रेट से अधिक दाम वसूलने पर विभाग ने शिलाई एवं नाहन के नया बाजार में दो चालान किए हैं। उन्होंने दुकानदारों को चेताया है कि यदि कोई दुकानदार ऐसा करता है तो विभाग की ओर से उस पर कार्रवाई की जाएगी।