-उपाध्यक्ष एवं पार्षद ने नगर परिषद अध्यक्ष को समर्थन देने का डीसी को सौंपा था पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। नगर परिषद नाहन में अविश्वास प्रस्ताव को लेकर शनिवार 4 जनवरी को रखी गई बैठक रद्द हो गई है। एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने इसको लेकर पत्र जारी किया है। उधर, अब पिछले एक महीने से नगर परिषद नाहन में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम को भी विराम लगा है।
बता दें कि नाराज चल रहे पार्षदों की तरफ से वीरवार को पुन: उपायुक्त सिरमौर को समर्थन वापिस न लेने को लेकर पत्र जारी किया गया था। पत्र में उन्होंने पुन: नगर परिषद की अध्यक्ष श्यमा पुंडीर को समर्थन देने की बात की थी। जिसके बाद उपायुक्त के आदेशों पर एसडीएम नाहन ने अविश्वास प्रस्ताव को लेकर आयोजित होने वाली बैठक को रद्द कर दिया है। इसको लेकर सभी पार्षदों व नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी को पत्र लिखा गया है।
गौरतलब है कि नगर परिषद नाहन की भाजपा समर्थित अध्यक्ष श्यामा पुंडीर से समर्थन वापिस लेने को लेकर 17 दिसंबर 2024 को अचानक भाजपा समर्थित ही उपाध्यक्ष अविनाश गुप्ता व पार्षद संध्या अग्रवाल ने उपायुक्त को पत्र सौंपे थे। उधर, इसके बाद कांग्रेस के 5 पार्षद भी हरकत में आए और उन्होंने भी उपायुक्त को पत्र सौंपकर अविश्वास प्रस्ताव को लेकर मांग की थी।
नगर परिषद के 13 पार्षदों में से 7 पार्षदों द्वारा उपायुक्त सिरमौर को अविश्वास प्रस्ताव की मांग को लेकर सौंपे गए पत्र के बाद एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने 4 जनवरी को अविश्वास प्रस्ताव को लेकर बैठक बुलाई थी। लेकिन बैठक से दो दिन पहले ही नगर परिषद अध्यक्ष ने अपने नाराज चल रहे पार्षदों को मनाकर मामले में विराम लगा दिया है। सूत्रों की मानें तो इससे पहले जोड़-तोड़ की भी राजनीति चली हुई थी।
-नगर परिषद के उपाध्यक्ष व एक पार्षद की तरफ से अध्यक्ष को समर्थन को लेकर पत्र उपायुक्त को सौंपा गया था। जिसके बाद अब अध्यक्ष के पास बहुमत है, ऐसे में अब 4 जनवरी को होने वाली अविश्वास प्रस्ताव की बैठक को रद्द कर दिया गया है।
-राजीव सांख्यान, एसडीएम नाहन