-डॉ. राजीव बिंदल की अगुवाई में जमकर की नारेबाजी, महिला सम्मान के मुद्दे पर कांग्रेस नेतृत्व को घेरा
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। भाजपा कार्यकर्ताओं ने नाहन में मंगलवार को प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अगुवाई में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजाम के पुतले फूंके और जमकर नारेबाजी की। भाजपा ने महिला सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस नेतृत्व को घेरा।
बिंदल ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के लगभग चार साल के कार्यकाल में प्रदेश कर्ज, भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और माफिया राज की समस्याओं से घिरा रहा है। उन्होंने कहा कि डीजल, सीमेंट, बिजली, परिवहन किराए और विभिन्न सरकारी सेवाओं से जुड़े खर्च बढ़ने से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता पर कर का बोझ डाल रही है, जबकि अपने करीबियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है।
बिंदल ने दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों के साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के कथित व्यवहार पर भी सवाल उठाए। वहीं, कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजाम के खिलाफ यौन उत्पीड़न संबंधी शिकायतों और विश्वविद्यालय की अनुशासनात्मक कार्रवाई का हवाला देते हुए उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से जवाब मांगा। भाजपा ने मामले में निष्पक्ष जांच, शिकायतकर्ताओं की सुरक्षा और जवाबदेही की मांग की।