सराहां बाजार से एसवीएन कॉलोनी जाने वाली सड़क पर घूमते आवारा कुत्ते। संवाद
-बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। सराहां बाजार और एसवीएन कॉलोनी में लावारिस कुत्तों की बढ़ती संख्या से बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। कुत्तों के झुंड के कारण अभिभावक बच्चों को अकेले स्कूल भेजने से कतरा रहे हैं। उन्हें रोजाना छोड़ने और वापस लाने जाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि लावारिस कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए जल्द प्रभावी कार्रवाई की जाए। एसवीएन कॉलोनी निवासी देव स्वरूप शर्मा, काका राम शर्मा, क्षमा दत्त शर्मा, नरेश कुमार, पूजा शर्मा और अंजना शर्मा के अलावा वार्ड नंबर चार की सदस्य वीना तनेजा और वार्ड नंबर पांच की सदस्य अर्चना शर्मा ने कहा कि बाजार और कॉलोनी में एक साथ कई लावारिस कुत्ते घूमते रहते हैं। इससे बच्चों के साथ आम लोगों को भी आवाजाही में परेशानी होती है।
लोगों ने आशंका जताई कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो कोई अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से लावारिस कुत्तों की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने और स्कूल जाने वाले रास्तों सहित बाजार व रिहायशी क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।-