जल प्रकृति का अमूल्य उपहार, जीवन की आधारशिला व मानव सभ्यता की जीवनरेखा : मधुकर डोगरी
-निरंकारी मिशन पांवटा साहिब इकाई के माध्यम से शुरू सफाई व जल की रक्षा, सृष्टि की सुरक्षा अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सामाजिक शाखा संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन पांवटा साहिब में बातापुल चौक नजदीक बातानदी के किनारे स्वच्छ जल, स्वच्छ मन के तहत सफाई अभियान चलाया गया। इसमें मिशन के सभी सेवादल और साधसंगत ने भाग लिया। नदी के किनारे सफाई की। इस दौरान मुख्यातिथि के रूप में नगर परिषद पांवटा साहिब से शिवाजी स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष मधुकर डोगरी व ब्रांच सिरमौरीताल के मुखी खत्री राम व वार्ड- 2 से पूर्व में रहे पार्षद दीपक कुमार उपस्थित रहे।
मधुकर डोगरी ने संबोधन में निरंकारी मिशन की सेवा भावना को देख बहुत प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि अमन, जल प्रकृति का अमूल्य उपहार है, जीवन की आधारशिला और मानव सभ्यता की जीवनरेखा। जब यह जल स्वच्छ और संरक्षित रहता है, तो केवल पर्यावरण ही नहीं, समाज का सामूहिक स्वास्थ्य और संतुलन भी सुदृढ़ होता है। प्राकृतिक जल स्रोतों, नदियों, तालाबों, झीलों और समुद्री तटों की निस्वार्थ भाव से स्वच्छता एवं संरक्षण का व्यापक अभियान आज जन-जन के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रहा है। यह पहल केवल सफाई तक सीमित नहीं, बल्कि जागरूकता, जिम्मेदारी और सामूहिक सहभागिता का सशक्त संदेश है।
शाखा पांवटा साहिब के स्थानीय मुखी सिया राम ने आय हुए मुख्यातिथि और शाखा सिरमौरी ताल से भी आए हुए सभी सेवादल के सदस्यों का धन्यवाद किया। इस अभियान का शुभारंभ सेवादल के प्रार्थना गीत से हुआ, जिससे संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा। इस अवसर पर देशभर में प्रसारित दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करते हुए सुरक्षा, अनुशासन एवं स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की गई, जो आयोजन की सुव्यवस्थित एवं संस्कारित कार्यशैली को दर्शाता है।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। उन्होंने संत निरंकारी मिशन की सामाजिक शाखा संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में, बाबा हरदेव सिंह की अनेक शिक्षाओं से प्रेरणा लेते हुए इस प्रोजेक्ट अमृत का आयोजन किया गया। यह परियोजना मानवता को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाते हुए जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन के प्रति सामूहिक संकल्प का संदेश देती है।
संवाद