संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। जिला सिरमौर के प्रसिद्ध माता बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में जल्द ही नेकी की दुकान सजने जा रही है। मंदिर न्यास की इस अनूठी पहल का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक कम कीमत पर उपयोगी सामान उपलब्ध करवाना है। मंदिर न्यास के उपाध्यक्ष एवं नाहन के एसडीएम राजीव संख्यान ने बताया कि इस योजना के तहत गरीब और जरूरतमंद लोगों को मात्र 50 रुपये में अपनी आवश्यकता के अनुसार सामान उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस नेकी की दुकान में पुराने मोबाइल फोन, पुस्तकें, पहनने योग्य कपड़े, घरेलू उपयोग का इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित अन्य उपयोगी वस्तुएं उपलब्ध रहेंगी। ये सभी वस्तुएं समाजसेवियों और दानी सज्जनों की ओर से दान स्वरूप दी जाएंगी। योजना के तहत लोग नए सामान के साथ-साथ पुराना लेकिन अच्छी स्थिति में मौजूद सामान भी दान कर सकेंगे।
मंदिर न्यास इन सभी वस्तुओं को एक निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित तरीके से संजोकर रखेगा और इसका विधिवत रिकॉर्ड भी रखा जाएगा। मंदिर न्यास उपाध्यक्ष ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद वर्ग की मदद करना है, ताकि वे कम कीमत पर अपनी आवश्यकता की वस्तुएं प्राप्त कर सकें।
वहीं, स्थानीय लोगों में रमन शर्मा, मोहित शर्मा, संजय गोयल, अमन शर्मा, दिनेश ठाकुर, सुभाष ने बताया कि इस पहल से समाज सेवा की दिशा में एक सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेगा और जरूरतमंद परिवारों को राहत मिलेगी।
-संवाद