संवाद न्यूज एजेंसी
संगड़ाह (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय संगड़ाह में 1 एचपी (गर्ल्स) बटालियन एनसीसी सोलन के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एनसीसी नामांकन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। पूर्व नामांकन के लिए 28 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से निर्धारित चयन प्रक्रिया के बाद 22 कैडेटों का अंतिम रूप से चयन किया गया।
चयन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता, अनुशासन, व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता और एनसीसी के प्रति रुचि का मूल्यांकन किया गया। महाविद्यालय की एसोसिएट एनसीसी अधिकारी (एएनओ) लेफ्टिनेंट कविता चौहान ने चयनित कैडेटों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वेद प्रकाश ने चयनित कैडेटों को बधाई देते हुए कहा कि एनसीसी व्यक्तित्व विकास का उत्कृष्ट मंच है, जो युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना का विकास करता है।