संवाद न्यूज एजेंसी
शिलाई (सिरमौर)। महाविद्यालय शिलाई में शनिवार को एनसीसी एटीसी-219 वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। यह 10 दिवसीय शिविर 24 मई तक आयोजित होगा। शिविर का आयोजन लेफ्टिनेंट कर्नल जेएस चौहान के नेतृत्व में किया जा रहा है, जिसमें सिरमौर जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों के 456 कैडेट्स भाग ले रहे हैं।
शिविर में एसडब्ल्यू एवं केडब्ल्यू के 211 महिला कैडेट्स और जेडी एवं एसडी के 245 पुरुष कैडेट्स शामिल हैं। कैडेट्स को शारीरिक प्रशिक्षण, ड्रिल, फायरिंग अभ्यास, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक चिकित्सा, मानचित्र अध्ययन और राष्ट्र सेवा संबंधी विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करना है।
शिविर की मेजबानी शिलाई कॉलेज की ओर से की जा रही है। कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. गोपाल भारद्वाज ने शिविर के शुभारंभ मौके पर सभी कैडेट्स एवं अधिकारियों का स्वागत किया और महाविद्यालय की ओर से शिविर के सफल संचालन के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
महाविद्यालय में एनसीसी के प्रभारी राम लाल, सहायक आचार्य (अंग्रेजी) के मार्गदर्शन में शिविर की सभी प्रारंभिक व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित ढंग से की गई हैं।
शिविर में सरकारी पांवटा साहिब, कफोटा, संगड़ाह, शिलाई, राजगढ़, जीएसएसएस शिलाई, बादली ढाढस, पाबूटा, भगानी, कोटी बौंच, माजरा, कोलर, एनएमपीएस पांवटा साहिब, द स्कॉलर्स होम पांवटा साहिब, एपीएस नाहन और अरिहंत इंटरनेशनल स्कूल नाहन के कैडेट्स भाग ले रहे हैं।
एनसीसी अधिकारियों ने बताया कि एटीसी शिविर युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना विकसित करने का एक प्रभावी मंच है। शिविर के शुभारंभ अवसर पर अधिकारियों एवं कैडेट्स में उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
-संवाद