नाहन/ कालाअंब (सिरमौर)। जनपद सिरमौर के मंदिरों में पहले नवरात्र पर खास भीड़ नहीं उमड़ी। जिले के अधिकतर मंदिर खाली नजर आए। रविवार को पहले नवरात्र पर सिरमौर के मंदिरों में बहुत कम श्रद्धालुओं ने माथा टेका। त्रिलोकपुर मेले में भी बारिश ने खलल डाला। इससे कम संख्या में ही लोग पहुंच पाए।
जिले के अधिकतर क्षेत्रों में शनिवार देर रात से ही बारिश लगी रही। बारिश का यह क्रम दिन में भी चलता रहा, जिसका सीधा असर पहले नवरात्र पर मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या पर पड़ा। जिला मुख्यालय नाहन स्थित कालीस्थान मंदिर, प्रसिद्ध धार्मिक स्थल त्रिलोकपुर मंदिर, भंगायनी माता के अलावा जिले के अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। बहरहाल श्रद्धालु सुबह से ही मंदिरों में पहुंच रहे थे। इसके अलावा जिले के अन्य मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ काफी कम देखने को मिली। कालीस्थान मंदिर नाहन, जमटा स्थित माता बाला सुंदरी मंदिर, कटासन देवी मंदिर में दिन भर रुक-रुक कर श्रद्धालु माता के मंदिरों में माथा टेकने पहुंचे।