अष्टमी और नवमी पर त्रिलोकपुर में माता बाला सुंदरी मंदिर में उमड़ी भक्तजनों की खूब भीड़
मेले का समापन 7 अक्तूबर को किया जाएगा।
संवाद न्यूज़ एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। जिला सिरमौर के प्रसिद्ध शक्तिपीठ त्रिलोकपुर में चल रहे शारदीय नवरात्र मेले के नौवें दिन मंगलवार को महाअष्टमी और नवमी तक 1,18,500 श्रद्धालु माता बालासुंदरी मंदिर पहुंचे। इस दौरान मंदिर न्यास समिति को 93,56,920 रुपये नकदी, 191 ग्राम 300 मिलीग्राम सोना और 10,286 ग्राम चांदी चढ़ावे में प्राप्त हुई।
महाअष्टमी के अवसर पर जिला उपायुक्त प्रियंका वर्मा, एसडीएम राजीव संख्यान, एएसपी योगेश रोल्टा ने भी मंदिर पहुंचकर कन्या पूजन किया। वहीं, मेले के दसवें दिन बुधवार को 8,100 श्रद्धालु त्रिलोकपुर पहुंचे। इस अवसर पर 17,35,605 रुपये नकदी और 5000 ग्राम चांदी प्राप्त हुई। नियमानुसार मंदिर न्यास समिति ने मंदिर के कपाट सुबह 4 बजे निर्धारित समय पर खोले।
इसके बाद भक्त परिवार की ओर से पारंपरिक मुख्य शृंगार आरती और भोग की प्रक्रिया हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश कराया गया। श्रद्धालुओं ने दिनभर माता के जयकारे लगाते हुए दर्शन किए।
जिला उपायुक्त एवं मंदिर न्यास समिति अध्यक्ष प्रियंका वर्मा ने बताया कि मेले के दसवें दिन बुधवार को 8100 श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। उन्होंने बताया कि अभी तक सवा लाख से ज्यादा श्रद्धालु माता के दर्शन कर चुके हैं। मेला जिला प्रशासन की निगरानी में शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। मेले का समापन 7 अक्तूबर को किया जाएगा।
-संवाद