जिला सिरमौर के बनेठी में बैसाखी मेले पर सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। इसमें नाटी किंग कुलदीप शर्मा का जादू लोगों के सिर चढ़कर बोला। एक के बढ़कर एक नाटी की प्रस्तुति से पंडाल में उमड़े युवा व महिलाओं के पांव थिरकने से नही रुक सके।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अजय सोलंकी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मेला कमेटी प्रधान तपेंद्र ठाकुर, पंचायत प्रधान कमलेश भार्गव व उपप्रधान सुभाष शर्मा ने मुख्य अतिथि अजय सोलंकी व नाटी किंग कुलदीप शर्मा का स्वागत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में कुलदीप शर्मा ने नाटी किंग दे ठिकाने बलिये... से शुरुआत की। फिर डीजे पांदी लागी..., सांवरिया बीन बजा..., गिरी रे गिरी सिर से चुनर गिरी..., कजरारे तेरे काले काले नैना..., मेरी मोनिका..., बोशो कांडे दे मुरो..., किंदी चाली झूरिए..., रोहड़ूू जाना मेरी अम्मिए... से समां बांधा। महिलाओं ने भी सिरमौरी नाटी डालकर मन मोह लिया। जिले के उभरते युवा कलाकार दीपक चौहान ने मुस्कराने की वजह तुम हो..., ऊपर खुदा आसमां नीचे जमीं... तथा तुझे याद कर लिया है.... गीतों से खूब मनोरंजन किया।