समय पर नालों की सफाई नहीं होने से बारिश शुरू होने पर जलभराव की गंभीर समस्या
पांवटा साहिब के बद्रीपुर वार्ड एक व दो में नालियों की सफाई कार्य प्रगति पर चल रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। नगर परिषद पांवटा साहिब में बरसात शुरू होने पर कई वार्डों में जलभराव की समस्या हुई। इसके बाद वार्डों में जल निकासी नालियों की सफाई का अभियान शुरू कर दिया गया है। शहर को जलभराव की समस्या से बचाने के लिए बड़े और छोटे सभी नालों की सफाई का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बद्रीपुर के आसपास वार्ड एक और दो समेत वार्डों में अभियान चल रहा है।
बता दें कि बरसात में शहरी क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक वार्डों में जलभराव समस्या हर वर्ष विकराल होती रही है। नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर परिषद बरसात शुरू होने से पहले विशेष सफाई अभियान चलाती रही है। अलग-अलग क्षेत्रों में टीमें भेज कर पहुंचकर नालों से गाद और कचरा निकालने का काम करती है, ताकि बारिश के समय पानी का बहाव सुचारू रूप से हो सके।
इस बार हालत अलग रहे, पहले नगर निकाय चुनाव व बाद शपथ ग्रहण काफी देरी से होने पर ये अभियान शुरू नहीं हो सका था। इसलिए मानसून शुरू होने पर एनएच मार्गों के साथ वार्डों में काफी स्थलों पर जलभराव समस्या रही है। कुछ वार्डों में दुकानों व रिहायशी मकानों तक में पानी भर गया था। नगर परिषद के पास शिकायत पहुंचने के बाद अब जेसीबी मशीनों से जलभराव को संवेदनशील स्थलों पर अभियान चल रहा है। शुरुआती दौर में शहर के वार्ड एक, दो, पांच व दस वार्ड में जल निकासी नालों की सफाई हो रही है। इससे बारिश होने पर जलभराव की गंभीर दूर हो सकेगी।
बॉक्स...
नाले जाम या अतिक्रमण से बाधित न हो : नागरिक
प्रदीप कुमार, अखिल शर्मा, अजय नेगी, आशा, रीता, रमन व राहुल समेत नागरिकों का कहा है कि जहां कहीं भी नाले जाम या अतिक्रमण के कारण बाधित हैं, वहां भी सफाई और मरम्मत का कार्य प्राथमिकता से किया जाए। सफाई अभियान और तेज किया जाए, ताकि शहरवासियों को जलभराव और गंदगी की समस्या से पूरी तरह राहत मिल सके।
बॉक्स...
नालियों में कूड़ा न फेंकें, ताकि जल निकासी सुचारु रहें: निर्मल कौर
नगर परिषद की अध्यक्ष निर्मल कौर ने बताया कि जलभराव वाले शहरी क्षेत्र के सभी प्रमुख और छोटे नालों की सफाई का अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। नगर परिषद का लक्ष्य है कि जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह से दुरुस्त कर ली जाए। सफाई अभियान का मुख्य उद्देश्य बरसात के दौरान शहर में जलभराव, गंदगी और मच्छरों के प्रकोप को रोकना है। अध्यक्ष ने शहरवासियों से अपील की है कि वे नालों और सड़कों पर कूड़ा न फेंकें, ताकि सफाई व्यवस्था बनी रहे और जल निकासी में कोई बाधा न आए।-
पांवटा साहिब यमुना नदी में मिलने वाले पांच नालों में से एक शहरी गंदा नाला। संवाद