(ग्राउंड रिपोर्ट)
हीरपुर वार्ड-13, वार्ड-6 से 12 होते हुए कुंजा पंचायत तक सड़क जगह-जगह टूटी
ढाई किलोमीटर सड़क की टारिंग उखड़ी, गड्ढों से बचने के प्रयास में गिर रहे दोपहिया वाहन चालक
सुरेश तोमर/ अश्वनी रॉय
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब शहर को आसपास के गांवों और कॉलोनियों से जोड़ने वाला नहर मार्ग बदहाली का शिकार है। हीरपुर वार्ड-13 से वार्ड-6, वार्ड-12 होते हुए कुंजा पंचायत तक जाने वाली सड़क जगह-जगह टूट चुकी है। सड़क पर बने गड्ढों और उखड़ी टाइलों के कारण दोपहिया और छोटे वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गड्ढों से बचने के प्रयास में वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और नगर परिषद से मार्ग की मरम्मत करवाने की मांग उठाई है। पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष ओम प्रकाश कटारिया, सतीश तोमर, कमलेश ठाकुर, मनोज चौहान, अरविंद सिंह, वसीम मलिक और रोहित ने बताया कि शहर और गांव को जोड़ने वाले इस संपर्क मार्ग की सुध नहीं ली जा रही है।
हीरपुर से चुंगी नंबर छह और आगे तक करीब ढाई किलोमीटर सड़क की टारिंग लगभग तीन वर्ष पहले लोक निर्माण विभाग के माध्यम से करवाई गई थी लेकिन अब कई जगह से उखड़ चुकी है। बरसात के बाद हीरपुर से चुंगी नंबर छह तक सड़क की हालत और खराब हो गई है।
यह मार्ग पांवटा साहिब कॉलेज, द स्कॉलर्स होम जूनियर ब्रांच, गुरु नानक मिशन स्कूल की देवीनगर शाखा, डेंटल कॉलेज, कुंजा मतरालियों पंचायत की पहाड़ी और सुदर्शन कॉलोनी सहित कई रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। रोजाना बड़ी संख्या में विद्यार्थी, स्थानीय लोग और वाहन चालक इस मार्ग से गुजरते हैं। सड़क की खस्ताहालत के कारण उन्हें जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है।
जगमोहन सूर्या, यशपाल राणा, रविंद्र तोमर और टीटू ने बताया कि चुंगी नंबर छह से द स्कॉलर्स होम जूनियर ब्रांच तक कुछ हिस्से में नगर परिषद ने इंटरलॉक टाइलें लगवाई हैं लेकिन कई स्थानों पर टाइलें उखड़ने से सड़क ऊबड़-खाबड़ हो गई है। नहर के पास कुछ हिस्से में टाइलों का काम भी नहीं हो पाया है। उनका आरोप है कि नगर परिषद, लोक निर्माण विभाग और जलशक्ति विभाग के बीच समन्वय की कमी का खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने जल्द पूरे मार्ग की मरम्मत करवाने की मांग की है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता पांवटा साहिब रामभज तोमर ने बताया कि सड़क की टारिंग करने वाले ठेकेदार के पास पांच वर्ष तक मरम्मत का जिम्मा रहता है। ठेकेदार को नोटिस भेजकर सड़क की मरम्मत करवाने के लिए कहा जाएगा।-
संवाद