सचित्र
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। प्राथमिक केंद्र पाठशाला मॉडल नाहन में अब बच्चे महफूज हैं। ढाई साल पहले मानसून के दौरान भारी बरसात से ढही स्कूल की सुरक्षा दीवार और डंगे का पुनर्निर्माण कर दिया गया है। करीब साढ़े तीन लाख रुपये की लागत से हुए इस विकास कार्य से न केवल स्कूल परिसर सुरक्षित हुआ है, बल्कि बच्चों में भी खुशी का माहौल है।
बता दें कि जुलाई-अगस्त 2023 में हुई मूसलाधार बारिश के चलते मॉडल स्कूल की सुरक्षा दीवार (डंगा) ढह गई थी, जिससे स्कूल परिसर का बड़ा हिस्सा असुरक्षित हो गया था। यहां किचन और शौचालय को भी नुकसान पहुंचा था। यह स्कूल के छोटे बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बना हुआ था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने तुरंत बजट स्वीकृत किया।
शिक्षा विभाग से प्राप्त साढ़े तीन लाख रुपये की राशि के बाद विभाग ने युद्धस्तर पर निर्माण कार्य शुरू करवाया। इसके तहत न केवल मजबूत सुरक्षा दीवार, डंगे का निर्माण किया गया, बल्कि स्कूल परिसर में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए शौचालय की मरम्मत भी करवाई गई। इसके साथ ही परिसर में छोटे-मोटे अन्य विकासात्मक कार्य भी पूरे किए गए हैं। छुट-पुट कार्य ही शेष हैं।
-बाक्स
बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि
सीएचटी मंजू चौहान ने बताया कि साढ़े तीन लाख रुपये से यहां पर विकास कार्य करवाए गए हैं। विभाग के लिए बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। यहां पर बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सुरक्षा दीवार का होना जरूरी था। अब स्कूल परिसर पूरी तरह से सुरक्षित है।
-संवाद
प्राथमिक केंद्र पाठशाला मॉडल नाहन तैयार की चारदिवारी। संवाद
प्राथमिक केंद्र पाठशाला मॉडल नाहन तैयार की चारदिवारी। संवाद