नगर परिषद और राष्ट्रीय उच्च मार्ग के अधिकारियों को उपायुक्त ने दिए निर्देश
अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था नाहन-कुमारहट्टी उच्च मार्ग पर बिरोजा फैक्टरी के समीप क्षतिग्रस्त हिस्से का मामला
धर्म सिंह तोमर
नाहन (सिरमौर)। राष्ट्रीय उच्च मार्ग नाहन-कुमारहट्टी बिरोजा फैक्टरी के समीप बरसाती पानी से काफी क्षतिग्रस्त हुआ है। इस मामले में उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग तथा नगर परिषद नाहन के अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
निर्देशों में उपायुक्त ने कहा है कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग तथा नगर परिषद नाहन के अधिकारी बिरोजा फैक्टरी नाहन के समीप क्षतिग्रस्त हुई सड़क का निरीक्षण करें। यहां नाले के जल की उचित निकासी तथा मरम्मत को लेकर भी उन्होंने निर्देश दिए हैं। ऐसे में अब जल्द यहां सड़क की हालत सुधरने की उम्मीद जगी है।
बता दें कि शिमला को नाहन से सीधे जोड़ने वाले एकमात्र राष्ट्रीय उच्च मार्ग (एनएच) नाहन-कुमारहट्टी पर नाहन में बिरोजा फैक्टरी के समीप भारी मात्रा में बरसाती पानी आने से नुकसान हुआ है। यहां तीन जगहों पर सड़क के किनारे बह गए हैं। ऐसे में यहां चौड़ाई कम हुई है। टारिंग उखड़ जाने से बड़े गड्ढे भी बन गए हैं। उतराई अधिक होने के चलते यहां हादसों का खतरा बना रहता है।
इतना ही नहीं उच्च मार्ग पर बरसात में बहता पानी साथ लगती बिरोजा एवं तारपीन फैक्टरी को भी नुकसान पहुंचा रहा है। यहां हर बारिश में पानी के साथ मलबा फैक्टरी परिसर में घुस रहा है। इससे फैक्टरी को भी करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है।
उच्च मार्ग की हालत को देखते हुए अमर उजाला के 19 अगस्त 2025 के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की है। अब उपायुक्त सिरमौर की ओर से भी इस मामले में संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
-राष्ट्रीय उच्च मार्ग तथा नगर परिषद नाहन के अधिकारियों को बिरोजा फैक्टरी नाहन के समीप क्षतिग्रस्त सड़क का निरीक्षण कर नाले के जल की उचित निकासी तथा मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं।
-प्रियंका वर्मा, उपायुक्त सिरमौर
..........संवाद