घर से आठ कुत्तों को बरामद कर चिह्नित स्थान पर छोड़ा
छोटा चौक में कुत्ते पालने पर नगर परिषद नाहन ने विभिन्न विभागों की टीम के साथ की कार्रवाई
माहौल बिगड़ता देख मौके पर पहुंचे एसडीएम नाहन सलीम आजम
हाल ही में नगर परिषद अध्यक्ष और पार्षदों ने लोगों के साथ मिलकर की थी नारेबाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। नगर परिषद नाहन की ओर से मंगलवार को शहर में घरों में भारी संख्या में कुत्तों को पालने वालों पर विभिन्न विभागों की टीम के साथ मिलकर कार्रवाई की गई। इस दौरान एक घर से 8 कुत्तों को टीम ने कब्जे में लेकर चिह्नित स्थान पर छोड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नाहन नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय तोमर की अगुवाई में पुलिस, पशुपालन विभाग व नगर परिषद की टीम ने कार्रवाई शुरू की। उधर टीम की ओर से जैसे ही कार्रवाई शुरू की गई मौके पर माहौल तनावपूर्ण हुआ जिसकी जानकारी मिलते ही एसडीएम नाहन सलीम आजम भी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करवाया।
टीम सबसे पहले लखदाता पीर के साथ पहुची। यहां एक घर में रखे गए दर्जनों कुत्तों को चिह्नित स्थान पर छोड़ने को लेकर कहा गया लेकिन मामला कोर्ट में विचाराधीन होने के चलते कार्रवाई आगे नहीं हो सकी। हालांकि इस दौरान स्थानीय लोग भी मौजूद रहे और उनके द्वारा कुत्तों को घर में रखे जाने पर कड़ी आपत्ति जताई गई। इस दौरान बहस भी देखने को मिली। मौके पर एसडीएम ने लोगों को शांत करवाया।
इसके बाद टीम छोटा चौक में पहुंची और यहां मुख्य बाजार के साथ में ही एक घर में रखे दर्जनों कुत्तों को संबंधित लोगों से टीम को सौंपने की अपील की गई। मौके पर करीब 8 कुत्तों को व्यक्ति की ओर से टीम को सौंप दिया गया जिन्हें नगर परिषद के कर्मियों ने चिह्नित स्थान पर छोड़ा।
इसके बाद शेष कुत्तों को 28 मई तक चिह्नित स्थान पर छोड़ने के निर्देश टीम की ओर से दिए गए।
बता दें कि इन दोनों स्थानों पर तंग जगह में कुत्तों को रखे जाने को लेकर आसपास के लोग लंबे समय से शिकायतें कर रहे थे और बीते सप्ताह नगर परिषद की अध्यक्ष, पार्षदों सहित स्थानीय लोगों ने नारेबाजी भी की थी और मांग की थी कि कुत्तों को यहां से शिफ्ट करवाया जाए क्योंकि गंदगी व बदबू के चलते आसपास के लोगों का रहना मुश्किल हुआ है।
बाक्स -
शिकायत के बाद नगर परिषद ने की कार्रवाई
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय तोमर ने बताया है कि लोगों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए टीम के साथ घरों से कुत्तों को निकालने के लिए कार्रवाई की गई। एक व्यक्ति के घर से फिलहाल टीम को सौंपे गए 8 कुत्तों को चिह्नित स्थान पर छोड़ा गया है। शेष कुत्तों को 15 दिन के भीतर छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। दूसरा मामला अदालत में विचाराधीन है।
-बाक्स
एसडीएम नाहन सलीम आजम ने बताया कि घरों में इतनी अधिक संख्या में कुत्तों को पालना सही नहीं है। आसपास के क्षेत्र में जहां गंदगी फैलती है। ऐसे में डॉग लवर्स को चाहिए कि शहर से बाहर कुत्तों को पालना चाहिए। एक घर में रखे कुत्तों का मामला अदालत में भी विचाराधीन है। उन्होंने बताया कि नियमानुसार करवाई अमल में लाई जाएगी।