16 जुलाई से लापता था मुगलांवाला का सरवण कुमार
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। यमुना नदी में रविवार को मिले अज्ञात शव की पहचान मुगलांवाला निवासी सरवण कुमार के रूप में हो गई है। सरवण कुमार 16 जुलाई से लापता था। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सरवण कुमार पुत्र भोला राम निवासी ग्राम मुगलांवाला, डाकघर राजबन, तहसील पांवटा साहिब के रूप में हुई है। परिजनों ने उसके लापता होने पर पुरुवाला थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रविवार को यमुना नदी में एक शव तैरता हुआ दिखाई देने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पहचान के प्रयास शुरू किए। देर शाम परिजनों ने शव की पहचान सरवण कुमार के रूप में की।
परिजनों के अनुसार सरवण कुमार मानसिक रूप से बीमार था और उसका उपचार चल रहा था। उसे अक्सर चक्कर भी आते थे। आशंका जताई जा रही है कि नदी किनारे जाने के दौरान चक्कर आने से उसका पैर फिसल गया और वह नदी में बह गया। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि शव की पहचान होने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।-