सराहां बाजार में सड़क पर इकट्ठा हुआ पानी। संवाद
दो साल में उखड़ी इंटरलॉक टाइलें, बारिश में सड़क पर भर रहा पानी
सड़क पर जलभराव से तेज रफ्तार वाहनों से कीचड़ दुकानों तक पहुंच रहा, दुकानदार परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। सराहां बाजार की मुख्य सड़क पर बरसात के दौरान जलभराव की समस्या लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। सड़क पर पानी जमा होने से दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है, जबकि राहगीरों और वाहन चालकों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के कारण सड़क पर जमा गंदा पानी और कीचड़ दुकानों के भीतर तक पहुंच रहा है। इससे सामान खराब होने का खतरा बना रहता है और ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार ग्राम पंचायत ने करीब दो वर्ष पहले लाखों रुपये की लागत से बाजार में इंटरलॉक टाइलें बिछाई थीं, लेकिन अल्प समय में ही टाइलें कई स्थानों से उखड़ गईं। बरसात के दौरान सड़क पर पानी जमा होने से स्थिति और अधिक खराब हो गई है। लोगों ने सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
विकासखंड अधिकारी (बीडीओ) पच्छाद सुनील कुमार ने बताया कि इस संबंध में ग्राम पंचायत प्रधान से बात की जाएगी। उन्होंने कहा कि बाजार के बीच क्षतिग्रस्त सड़क की पंचायत के माध्यम से जल्द मरम्मत करवाई जाएगी, ताकि दुकानदारों और आम लोगों को राहत मिल सके।-