पांवटा साहिब क्षेत्र में उत्पाती बंदरों से निजात दिलाने में हो रही देरी
बजट प्रावधान नही होने से वन विभाग शुरु नही कर पा रहा अभियान
क्षेत्रवासी बंदरों को पकडऩे की मुहीम शुरु करने की लगाते रहे है गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब(सिरमौर)। नगर परिषद के कुछ वार्डों में बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को गलियों से गुजर पाना कठिन होता जा रहा है। बंदर पिछले कुछ माह से काफी लोगों पर हमला कर घायल कर चुके हैं। क्षेत्रवासी बंदरों को पकड़ने की मुहिम शुरू करने की गुहार लगाते रहे हैं लेकिन, बजट प्रावधान नहीं हो पाने के चलते वन विभाग बंदरों को पकड़ने का अभियान शुरू नहीं कर पा रहा है।
स्थानीय निवासी अतर सिंह नेगी, रंजना शर्मा, कौशल्या चौहान, रविंद्र सिंह, अनिल शर्मा व बबीता ठाकुर ने कहा कि शहरी क्षेत्र में लगातार उत्पाती बंदरों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। आलम ये हो चला है कि वार्ड-7, वार्ड 08, पांच व 11 में तो बुजुर्गों व छोटे बच्चों को गलियों में चल पाना कठिन हो रहा है। कई बार गलियों की दोनों तरफ घरों की सुरक्षा दीवारों पर बंदरों की टोलियां बैठी रहती हैं। इसके कारण लोगों को काफी देर इंतजार करना पड़ता है। कभी कभी तो अपना रास्ता बदलना पड़ता है।
खास कर सिनेमा गली, सुखविंद्र आवास से मुख्य बाजार संपर्क गली, बाजार से पिछली गली, मुख्य बाजार, गीता भवन से कन्या स्कूल गली, बस स्टैंड व एमसी कॉलोनी के आसपास तो भारी संख्या में बंदरों की टोलियां घूमती रहती हैं। कुछ माह से बंदरों की ओर से हमला करने की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों से वन विभाग बंदरों की संख्या बढ़ने पर इनको पकड़ने की मुहिम शुरू करती रही है। पिछले वर्ष भी पांवटा व आसपास लगती पंचायतों से बंदरों को पकड़ कर नसबंदी के बाद जंगलों में छोड़ा जाता रहा है लेकिन इस बार नगर परिषद पांवटा व वन विभाग कोई ऐसी मुहिम शुरू नहीं कर पाई है।
बाक्स...
बैठक कर समाधान के प्रयास निकलेंगे : निर्मल कौर
-नगर परिषद अध्यक्षा निर्मल कौर ने कहा कि शीघ्र कोई समाधान निकालने का प्रयास होगा। बैठक में एसडीएम पांवटा व नगर परिषद पार्षदों के साथ इस बारे में विचार मंथन किया जाएगा।
बाक्स....
बजट प्रावधान होने पर शुरू होगा अभियान : डीएफओ
- डीएफओ पांवटा साहिब ऐश्वर्य राज ने बताया कि चार बार बजट प्रावधान को पत्र व रिमाइंडर भेजा जा चुका है लेकिन अभी तक बंदरों को पकड़ने की मुहिम के लिए बजट नहीं मिल सका है। विभाग से बजट मिलने या कोई प्रावधान होने पर ही बंदरों को पकड़ने के लिए टीम को बुलाया जा सकेगा।
संवाद
....