सरकार ने सौंपी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, दोनों उपमंडलों की विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम समिति के बने अध्यक्ष
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी को नाहन और पांवटा साहिब उपमंडलों की उपमंडलीय योजना, विकास एवं 20 सूत्री कार्यक्रम समीक्षा समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रधान सचिव योजना की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है।
नई जिम्मेदारी के तहत विधायक दोनों उपमंडलों में चल रहे विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की समीक्षा करेंगे। योजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के साथ विकास कार्यों में आ रही अड़चनों और जनसमस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर उनके समाधान का प्रयास भी करेंगे।
एक ही जिले के दो महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्रों की विकास योजनाओं की समीक्षा का दायित्व विधायक अजय सोलंकी को सौंपे जाने को सरकार के उन पर विश्वास के रूप में देखा जा रहा है। यह जिम्मेदारी मिलने से उनका राजनीतिक कद बढ़ने के साथ-साथ दोनों क्षेत्रों के विकास कार्यों की निगरानी भी मजबूत होने की उम्मीद है।
विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि सरकार की ओर से सौंपी गई इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन वह पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्ठा के साथ करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि नाहन और पांवटा साहिब में चल रहे विकास कार्यों की नियमित समीक्षा हो तथा आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन उनकी प्राथमिकता रहेगी। संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी ली जाएगी, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंच सके।