क्षत विक्षत अवस्था में मिला 3 सप्ताह पूर्व गायब महिला का शव
संवाद न्यूज एजेंसी
संगड़ाह (सिरमौर)। उपमंडल संगड़ाह के शिवपुर गांव में तीन सप्ताह पूर्व घर से अचानक गायब हुई 67 वर्षीय महिला सूरतो देवी पत्नी स्वर्गीय मीना राम का शव क्षत-विक्षत हालत में पुलिस ने बरामद किया है।
परिजनों के अनुसार सूरतो देवी 6 नवंबर की रात को अचानक घर से लापता हो गई थी जिसकी ग्रामीणों ने अपने स्तर पर तलाश करने के उपरांत पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसी बीच गांव के एक व्यक्ति द्वारा उसी क्षेत्र में घास काटने के दौरान उक्त महिला का शव देखा जिसकी सूचना उसने पुलिस थाना संगड़ाह को दी जिस पर पुलिस ने वहां जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव बहुत गहरी खाई एवं ढांक में फंसा होने के कारण उसे निकालने के लिए ग्रामीण एवं पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
गहरी खाई से सोमवार को शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया जहां पर शव के पोस्टमार्टम के बार परिजनों को सौंप दिया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि महिला के पास अपनी कोई संतान नहीं थी तथा महिला अपने गोद लिए बहन के बेटे नरेश कुमार के साथ रहती थी। सूरतो देवी का शव घर से करीब दो किलोमीटर दूर गहरी खाई से प्राप्त होना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है तथा तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
डीएसपी मुकेश डडवाल ने महिला सूरतो देवी के शव मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया मामले में जांच की जा रही है।