अमरगढ़ से क्यारदा तक हुई मिनी मैराथन में शिवांश कुमार प्रथम
मानव-वन्य जीव सह अस्तित्व थीम पर मनाया 73वां वन्य जीव सप्ताह
मिनी मैराथन पर जिला सिरमौर के 100 युवाओं ने बढ़चढ़ कर लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। वन विभाग के नाहन सर्किल के पांवटा डिविजन में 73वां वन्य जीव सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। रविवार को मिनी मैराथन आयोजित हुई जिसमें शिवांश कुमार ने पांच किलोमीटर दूरी 15 मिनट में तय कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
डीएफओ पांवटा साहिब ऐश्वर्य राज ने बताया कि वन्य सप्ताह में मानव-वन्य जीव (हाथी) सह-अस्तित्व थीम रहा है। इसमें हाथी रोड शो के साथ विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। रविवार को कैनाल रोड अमरगढ़ से क्यारदा, माजरा रेंज में 5 किलोमीटर मिनी मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। अमरगढ़ से क्यारदा तक मैराथन दौड़ में कुल 100 से अधिक प्रतिभागी रहे।
मैराथन के विजेताओं में शिवांश कुमार प्रथम, विकास चौधरी द्वितीय, विशाल सैनी तृतीय स्थान तथा वरयाम सिंह को चतुर्थ पुरस्कार प्रदान किया गया।
डीएफओ पांवटा साहिब ऐश्वर्य राज ने बताया कि वन्य सप्ताह के तहत हुए कार्यक्रमों में माजरा, गिरिनगर और कोलर में हाथी के आगमन, वन्य व आसपास क्षेत्रों में जानमाल की क्षति की संभावनाओं से बचाव तथा वन्य कर्मियों व ग्रामीणों के बेहतर सामंजस्य के बारे में जागरूक किया गया। वन्यजीव सप्ताह के दौरान कार्यक्रमों में पांवटा डिवीजन, नाहन सर्किल के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया।
संवाद
...