नाहन (सिरमौर)। मिड-डे मील वर्कर यूनियन की खंड नारग की बैठक संजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। नारग में हुई बैठक में सीटू के जिला कोषाध्यक्ष आशीष कुमार विशेष तौर पर मौजूद रहे।
आशीष कुमार ने बताया कि 20 जुलाई को पूरे जिले में मिड-डे मील कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे जिसमें मल्टी टास्क वर्कर पर की जाने वाली नियुक्तियों में मिड-डे मील कार्यकर्ता को तरजीह देने की मांग जोर-शोर से उठाई जाएगी।
इसके अलावा स्कूल में 25 बच्चों की शर्त को खत्म करने और मिड-डे मील वर्कर को 12 महीने का वेतन देने की भी मांग रखी जाएगी। इन सभी मांगों को लेकर सीटू के बैनर तले मिड-डे मील वर्कर जिलास्तर पर प्रदर्शन करेंगी। इस मौके पर सचिव सुरेश शर्मा, कोषाध्यक्ष उर्मिला, जिला कमेटी सदस्य मंजू शर्मा, शांता, वीना देवी, नीलम कुमार आदि पांच दर्जन कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
...............