छात्र अनुशासन में रहकर नशे से दूर रहें : वर्मा
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जमाया रंग
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिक्रमबाग में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी एलआर वर्मा ने की। इस दौरान उन्होंने छात्रों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए अनुशासित जीवन जीने तथा नशे जैसे दुर्व्यसनों से दूर रहने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि जीवन में कड़ी मेहनत के बल पर ही लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। प्रधानाचार्य राजेश चौहान ने अतिथियों का स्वागत करते हुए स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। समारोह में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकवादी हमले पर आधारित देशभक्ति कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जबकि गिद्दे ने भी अपनी अमिट छाप छोड़ी।
मुख्य अतिथि ने ऑल राउंड बेस्ट के लिए जमा दो के छात्र साहिल को, उच्चतम उपस्थिति के लिए जमा एक के छात्र प्रवेज तथा जमा दो के छात्र मंजीत को सम्मानित किया। शैक्षणिक गतिविधियों में दसवीं की रिया, नौवीं कक्षा की नज्मा, आठवीं की सिमरन सहित अन्य छात्रों को भी सम्मानित किया गया। खेलकूद में राष्ट्रीय, राज्य तथा जिला स्तर पर विजेता टीमों को भी सम्मानित किया गया।
खदरी से सुभाष चंद्र शर्मा ने अपने पिता स्व. राजकिशन शर्मा की पुण्य स्मृति में नवमी, दसवीं, जमा एक, जमा दो आर्ट्स तथा कामर्स में प्रथम रहे छात्रों, ऑल राउंड बेस्ट तथा सांत्वना पुरस्कार के लिए छात्रों को सम्मानित किया। समारोह के सह अतिथि एवं कालाअंब के उद्योगपति सरफराज खान ने पाठशाला के लिए एक कमरा बनाने की घोषणा की। दूसरे सह अतिथि नरेंद्र कटोच ने 11 हजार रुपये की राशि भेंट की। बिक्रमबाग पंचायत की टीम ने 3100 रुपये स्कूल प्रबंधन को भेंट किए।