क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में अभियान पर चर्चा
-जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. निसार अहमद ने की अध्यक्षता
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत सिरमौर जिले में टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए 100 दिन का विशेष स्क्रीनिंग अभियान दोबारा शुरू किया जाएगा। मंगलवार को नाहन में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. निसार अहमद ने की।
इस दौरान जिले में चल रहे टीबी उन्मूलन कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी, ताकि टीबी के संभावित मरीजों की समय रहते पहचान कर उनका उपचार शुरू किया जा सके। अभियान का उद्देश्य टीबी के मामलों का जल्द पता लगाकर संक्रमण को फैलने से रोकना और जिले को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाना है।
डॉ. निसार अहमद ने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों और टीबी स्टाफ को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करें। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य कर्मचारियों की मदद से संदिग्ध मरीजों की पहचान कर जांच के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही टीबी मरीजों को सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही निशुल्क जांच और उपचार सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिले में टीबी नियंत्रण को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। मरीजों को समय पर दवाइयां उपलब्ध करवाई जा रहीं हैं। इस अवसर पर जिले के सभी बीएमओ, टीबी यूनिट के कर्मचारी और स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संवाद