-राजगढ़ में एसडीएम की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लेकर बैठक
-सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ करें कार्रवाई : राजकुमार ठाकुर
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। उपमंडल प्रशासन राजगढ़ ने आगामी मानसून सीजन को देखते हुए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश जारी किए हैं। एसडीएम राजकुमार ठाकुर की अध्यक्षता में एसडीएम कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई और राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में लोक निर्माण, जलशक्ति, विद्युत, स्वास्थ्य, पुलिस, वन तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। एसडीएम ने कहा कि मानसून के दौरान भारी वर्षा, भूस्खलन, सड़क अवरोध, बिजली आपूर्ति बाधित होने और पेयजल संकट जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।
लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए कि भूस्खलन और अन्य कारणों से सड़कें बाधित होने की स्थिति में उन्हें शीघ्र बहाल करने के लिए पर्याप्त मशीनरी, जेसीबी और श्रमिकों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए। साथ ही संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। विद्युत विभाग को सभी विद्युत लाइनों, खंभों और उपकरणों का निरीक्षण कर बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने तथा आपातकालीन परिस्थितियों के लिए अतिरिक्त पोल, तार और अन्य सामग्री का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को आवश्यक खाद्यान्न का पर्याप्त भंडारण रखने और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री और खाद्य वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को भी आपदा प्रबंधन से संबंधित उपकरणों और संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. उपासना शर्मा ने बरसात के मौसम में बढ़ने वाली सर्पदंश की घटनाओं को लेकर जागरूक किया। एसडीएम राजकुमार ठाकुर ने क्षेत्रवासियों से मानसून के दौरान नदी-नालों, खड्डों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की।