मंत्रिमंडल की बैठक में भवन को नये स्थान पर बनाने को मिली मंजूरी
नाहन के साथ लगते कांशीवाला में देखी गई है भवन निर्माण के लिए जमीन
भाजपा और समर्थित संगठनों ने किया विरोध, कहा लोगों के साथ हो रहा धोखा
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन के नये भवन निर्माण की फिर उम्मीद जगी है। हिमाचल प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल की बैठक में इस भवन को अब नये स्थान पर बनाने के लिए मंजूरी मिली है। सरकार के इस निर्णय के बाद भवन निर्माण को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
दरअसल, मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण कार्य करीब तीन वर्ष से बंद पड़ा है। जहां पर पहले निर्माण कार्य किया जा रहा है, वहां जगह कम होने और पार्किंग की समस्या को देखते हुए इसे अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए सरकार के आदेश पर स्थानीय प्रशासन और विधायक की ओर से प्रयास किए जा रहे थे।
नाहन शहर से तीन किलोमीटर दूर कांशीवाला में भवन बनाने के लिए जमीन देखी गई। यहां पर नगर परिषद के कब्जे वाली 161 बीघा के करीब सरकारी जमीन हैं। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, स्थानीय विधायक अजय सोलंकी और प्रशासन की संयुक्त टीम ने जमीन का अवलोकन करके सरकार को प्रपोजल भेजी थी। मंत्रिमंडल की बैठक में नये स्थान पर भवन निर्माण की मंजूरी दी गई है।
उधर, भवन के लिए भूमि हस्तातंरण और अन्य औपचारिकताएं पूरी होनी बाकी है। वहीं, नगर परिषद से प्रस्तावित जमीन हस्तांतरण के लिए एनओसी पर सहमति बनना भी टेढ़ी खीर है क्योंकि नगर परिषद नाहन पर भाजपा समर्थित पार्षदों का कब्जा है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल समेत स्थानीय सामाजिक संगठन मेडिकल कॉलेज के स्थानांतरण का पहले से ही जमकर विरोध कर रहे हैं। बहरहाल, भूमि हस्तांतरण के लिए एनओसी पर सहमति बनेगी या नहीं यह भविष्य के गर्भ में है। फिलहाल कैबिनेट के इस निर्णय से भवन निर्माण की उम्मीद फिर जगी है।
नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए सरकार प्रयासरत है। कैबिनेट के निर्णय का वह स्वागत करते हैं। वर्तमान में निर्माणाधीन मेडिकल काॅलेज के भवन का इस्तेमाल नर्सिंग काॅलेज, एससीएच सेंटर या फिर अकादमिक ब्लॉक के लिए भी किया जा सकता है। आईजीएमसी जैसे हालात नाहन में पैदा न हों, इसके मद्देनजर मेडिकल कॉलेज के विस्तार के लिए कांशीवाला में ही भूमि का चयन किया गया है।
बाक्स :
सरकार के निर्णय पर भड़का नवभारत युवा संघ
नाहन। हिमाचल सरकार की कैबिनेट बैठक में मेडिकल कॉलेज नाहन को स्थानांतरित करने के फैसले का नवभारत युवा संघ ने कड़ा विरोध किया है। नाहन में प्रेसवार्ता के दौरान संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भावन शर्मा ने कहा कि हिमाचल सरकार का ये निर्णय जनविरोधी है। भावन ने कहा कि नाहन मेडिकल कॉलेज के नाम पहले से ही 118 बीघा जमीन उपलब्ध है, जहां पर एक बहुत बड़े प्रोजेक्ट का निर्माण होना है।
सरकार की नाकामी की वजह से नाहन मेडिकल कॉलेज का इतना बड़ा प्रोजेक्ट अधर में लटका पड़ा है। भावन ने कहा कि यदि दो वर्ष के भीतर पुरानी जगह पर मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया तो व्यापक जनांदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर आदित्य शर्मा व अन्य लोग मौजूद रहे।
-
बाक्स:
जनता को गुमराह कर रही सरकार : विनय गुप्ता
नाहन। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विनय गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस सरकार और स्थानीय विधायक अपनी नाकामियां छिपाने के लिए लोगों को गुमराह कर रहे हैं। रविवार को नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि गत तीन वर्षों में सरकार ने बंद पड़े मेडिकल कॉलेज भवन के निर्माण कार्य को शुरू क्यों नहीं करवाया। केंद्र सरकार की ओर से जारी 261 करोड़ रुपये का क्या उपयोग सरकार ने किया। सरकार निर्माणाधीन भवन का कार्य पूरा करके इसमें ओपीडी चालू कर सकती थी, क्योंकि भवन की कमी के चलते वर्तमान में अस्पताल की ओपीडी में मरीजों को दिक्कतें झेलनी पड़ रहीं हैं। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता मनीष अग्रवाल, संजय पुडीर, शिवि आदि मौजूद रहे।
संवाद
नाहन में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते भावन शर्मा। संवाद
नाहन में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते भावन शर्मा। संवाद