पारंगत स्कूल ऑफ एक्सीलेंस नाहन में मार्शल आर्ट प्रशिक्षण के बाद छात्र और स्कूल स्टाफ। संवाद
-आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर में प्रवीण कुमार ने दी विशेष ट्रेनिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। पारंगत स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और आत्मरक्षा के गुण विकसित करने के उद्देश्य से मार्शल आर्ट्स प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को स्कूल परिसर में प्रशिक्षण शिविर की दूसरी कक्षा आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण सत्र में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में मार्शल आर्ट विशेषज्ञ प्रवीण कुमार ने बच्चों को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को मार्शल आर्ट्स की बारीकियों के साथ-साथ एकाग्रता, अनुशासन और शारीरिक संतुलन का महत्व भी समझाया। इस कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल की चेयरपर्सन तन्वी नरूला की पहल पर की गई। बच्चों की सुरक्षा, शारीरिक फिटनेस और मानसिक मजबूती को ध्यान में रखते हुए स्कूल में मार्शल आर्ट्स प्रशिक्षण को शामिल किया गया है।
प्रशिक्षक प्रवीण कुमार ने कहा कि मार्शल आर्ट्स न केवल बच्चों को शारीरिक रूप से मजबूत बनाता है, बल्कि उनका आत्मविश्वास और अनुशासन भी बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में प्रत्येक बच्चे के लिए आत्मरक्षा का प्रशिक्षण आवश्यक है। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य अनु सोढ़ा सहित स्टाफ मौजूद रहा।
संवाद