रानीताल में दोनों ओर पत्थर लगाकर बंद किया था रास्ता, फिर भी रातभर होती रही आवाजाही
शुक्रवार को दिनभर की मशक्कत के बाद बिछाया था कंकरीट
पंकज तन्हा
नाहन (सिरमौर)। शहर के रानीताल वार्ड में अशोक की चक्की वाली गली में नई बनी सड़क को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। दिनभर की मशक्कत के बाद शुक्रवार को बिछाया गया कंकरीट अभी ठीक से सूखा भी नहीं था कि रात होते ही लोगों ने उस पर पैदल चलना शुरू कर दिया। हद तो तब हो गई जब रास्ता बंद होने और दोनों ओर पत्थर लगाए जाने के बावजूद कुछ लोग दोपहिया वाहन लेकर नई सड़क पर पहुंच गए। नतीजतन, ताजा कंकरीट पर कहीं जूतों के निशान उभर आए तो कहीं टायरों की लकीरें पड़ गईं। लोगों की इस लापरवाही के कारण ठेकेदार को शनिवार सुबह दोबारा सड़क की मरम्मत करनी पड़ी।
विडंबना यह है कि लोगों के आने-जाने के लिए सड़क के दोनों ओर पेयजल पाइपों को ढकने के लिए पहले से सीमेंट की पट्टियां बनाई गई थीं। इन पर पैदल चलने के लिए पर्याप्त जगह भी थी। इसके बावजूद कुछ लोगों ने नई डाली गई सड़क पर चलना जरूरी समझा। दोपहिया वाहन चालकों ने तो गीले कंकरीट पर ही वाहन दौड़ा दिए। इससे सार्वजनिक संपत्ति के प्रति लोगों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। एक ओर सड़क की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर सवाल उठाए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों की लापरवाही से सरकारी धन से तैयार हो रही सड़क को नुकसान पहुंच रहा है।
शुरू से विवादों में रही सड़क
दरअसल, इस सड़क की मरम्मत का काम शुरू से ही विवादों में रहा है। नगर परिषद ने ठेकेदार के माध्यम से पूरी सड़क की मरम्मत करवाने के बजाय पहले दोनों ओर पेयजल पाइपों के जाल को ढकने के लिए सीमेंट-बजरी की पट्टियां बनवाईं। इससे बीच की सड़क नाली जैसी हो गई। लोगों ने आपत्ति जताई तो बीच में भी सीमेंट का कंकरीट बिछाया गया, लेकिन पेयजल पाइपों की लीकेज ठीक करवाए बिना ही काम कर दिया गया। इसका असर अगले ही दिन दिखने लगा और सड़क उखड़ने लगी। इसके बाद कई बाइक सवारों के गुजरने से सड़क की हालत और खराब हो गई।
दूसरे दिन दोबारा करनी पड़ी मरम्मत
शुक्रवार को नगर परिषद ने ठेकेदार से सड़क को दोबारा दुरुस्त करवाने का काम शुरू किया। इस बार पहले की अपेक्षा बेहतर तरीके से कंकरीट बिछाया गया। काम देर शाम तक चला और सड़क के दोनों ओर पत्थर लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया, ताकि कोई उस पर न चले। इसके बावजूद कुछ लोगों ने इस व्यवस्था को नजरअंदाज कर दिया। रातभर में पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों ने गीले कंकरीट पर अपने निशान छोड़ दिए। शनिवार सुबह ठेकेदार के कर्मचारी फिर से सड़क की मरम्मत करते नजर आए।
पार्षद संजय चौहान ने कहा कि अब सवाल सिर्फ ठेकेदार के काम का नहीं, बल्कि लोगों की नागरिक जिम्मेदारी का भी है। कुछ लोगों को चंद कदम अतिरिक्त चलना मंजूर नहीं है, लेकिन उनकी लापरवाही से सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है। लोगों को विकास कार्यों में सहयोग करना चाहिए और निर्माण के दौरान निर्धारित सावधानियों का पालन करना चाहिए।