नाहन (सिरमौर)। मनरेगा मजदूर संगठन जिला सिरमौर ने मनरेगा योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। संगठन का आरोप है कि मनरेगा में कार्य कर चुके मजदूरों को समय पर पैसा नहीं दिया जा रहा है। कुछ मजदूर ऐसे भी हैं जिन्हें एक साल बाद भी पैसा नहीं मिला है जबकि इस योजना में मजदूरी देने की सीमा तय है।
शिकायतों का पिटारा ले संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को उपायुक्त सिरमौर से मिला तथा उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में शामिल संगठन अध्यक्ष जगत शर्मा, सचिव निक्का राम, जोगेंद्र सिंह, सुरेश, संतराम, विमला देवी, बस्तीराम, तुलसा देवी आदि ने उपायुक्त को बताया कि सुंदर सिंह पुत्र मेहर सिंह गांव डाहर, विकास खंड शिलाई, भावर सिंह पुत्र रियडु राम ग्राम सिधोटी विकास खंड शिलाई, शेर सिंह पुत्र चोतू राम गांव किनु विकास खंड शिलाई, जगत सिंह पुत्र नैन सिंह ग्राम पनोग, विकास खंड शिलाई, नारदा देवी पत्नी सालकराम गांव खाला क्यार, तुलखा देवी पत्नी कमियां राम गांव खाला क्यार, विमला देवी पत्नी राम स्वरूप गांव राईचा, बस्तीराम पुत्र पशलू गांव बोरली विकास खंड संगडाह ने अपने क्षेत्र में मनरेगा के तहत हुए विकास कार्यों में कार्य किया था। वर्ष 2015 में हुए विकास कार्यों का पैसा इन्हें आज तक नहीं मिला है। इस बारे में जब भी शिलाई व संगडाह में विकास खंड अधिकारी से बात की जाती है तो वहां से कोई जवाब नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कुछ मजदूरों को तो कार्य किए एक साल से ऊपर हो चुका है। जबकि मनरेगा योजना में मजदूरों की मजदूरी देने के लिए समय निर्धारित किया गया है। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त सिरमौर को मजदूरों द्वारा किए गए कार्य का विस्तृत ब्योरा सौंप मांग की कि इसके लिए दोषी विभागीय अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए तथा जिन मजदूरों को मनरेगा का पैसा नहीं मिला है उन्हें शीघ्र उनकी मजदूरी का पैसा दिलवाया जाए। इस मौके पर संगठन पदाधिकारियों ने पंचायत में मनरेगा कार्य नहीं चलने की भी बात कही।
उन्होंने कहा कि पंचायत में मनरेगा के तहत कार्य न होने से लोगों को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में लोग रोजी-रोटी को साहूकारों के पास भटक रहे हैं। संगठन ने मांग की कि इन समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाए ताकि लोगों को रोजगार मिल सके। उधर शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए उपायुक्त सिरमौर ने बताया कि मामले में उचित कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं।