शहर की सबसे व्यस्त एवं पाश रोड बस स्टैंड से लेकर यशवंत चौक करीब एक किमी मार्ग पर कई जगह खतरनाक गड्ढे हजारों वाहनों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। विशेषकर मालरोड पर सेंट्रल बैंक के सामने सड़क पर पानी के लीकेज से गड्ढे और गहरे होते जा रहे हैं। इस लीकेज को न तो आईपीएच ठीक कर रहा है और न ही लोक निर्माण विभाग गड्ढों की सुध ले रहा है।
इन खतरनाक गड्ढों से दोपहिया वाहन चालक और विशेषकर स्कूटी चलाने वाली महिलाओं व युवतियों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। तेज रफ्तारी के बीच एकाएक गड्ढे आने से दोपहिया वाहनों के गिरने का भय बना रहता है। स्थानीय निवासी अमित शर्मा, प्रीतम सिंह, भानू प्रताप, दुर्गेश चौधरी, जितेंद्र कुमार, अभिषेक ठाकुर, सचिन, अपूर्वा आदि ने बताया कि पिछले करीब तीन माह से इस मार्ग पर कई गड्ढे परेशानी का सबब बने हुए हैं लेकिन विभाग इसे ठीक नहीं करवा रहा है जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
वरिष्ठ नागरिक एवं पूर्व पार्षद दलीप सिंह वर्मा, अशोक विक्रम, प्रेमपाल महिंद्रू आदि ने कहा कि स्कूलों की छुट्टी होने के दौरान वाहनों की भीड़ रहती है। इस दौरान इन जगहों पर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। यही नहीं यहां से क्षेत्रीय अस्पताल के लिए गुजरने वाली एंबुलेंस के मरीज को भी हिचकोले खाने पड़ रहे हैं। विशेषकर गर्भवती महिलाएं एवं गंभीर रोगी ज्यादा परेशानी झेल रहे हैं।
उधर इस संबंध में लोनिवि के अधिशाषी अभियंता अजय वर्मा ने बताया कि मौसम खुलते ही जल्द ही मालरोड का मरम्मत कार्य शुरू होगा। अभी ठंड के कारण टारिंग का कार्य शुरू नहीं किया जा सकता है।