सचित्र(कृपया उचित स्थान दें, कम स्पेस हो तो रोकी जा सकती है)
जिला दंडाधिकारी ने पार्किंग की सुविधा देने के लिए मालरोड पर चिह्नित की थी जगह
पंकज तन्हा
नाहन (सिरमौर)। नाहन शहर के मालरोड पर अनुराग स्टूडियो से लेकर सेंटर बैंक तक पार्किंग होने और न होने को लेकर उपजा विवाद अब थमता नजर आ रहा है। यहां पर पार्किग होने और न होने को लेकर कई दिन से सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है। इसे लेकर दो पक्षों में तकरार भी जारी है। एक पक्ष के लोग यहां पर पार्किंग न होने का दावा कर रहे हैं, जबकि दूसरे पक्ष के लोग पार्किंग होने की बात कह रहे हैं।
सोशल मीडिया पर चल रहे इस घमासान के बीच अब जिला दंडाधिकारी सिरमौर की ओर से 31 अगस्त 2006 को जारी अधिसूचना सामने आई है। इस अधिसूचना के माध्यम से जिला दंडाधिकारी सिरमौर ने पार्किंग की समस्या को देखते हुए शहर की कई जगहों को पार्किंग स्थल बनाया था। यही नहीं, पार्किग स्थल बनाते हुए इस बात को भी स्पष्ट किया था कि चिह्नित जगहों पर कौन-कौन से और कितने वाहन पार्क किए जाएंगे।
इस अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि शहर के मालरोड पर शौचालय के समीप 8 हल्के वाहन और 10 दोपहिया वाहन पार्क किए जाएंगे। इसके अलावा मालरोड पर ही अनुराग स्टूडियो से लेकर सेंटर बैंक तक 5 हल्के वाहन और 10 दोपहिया वाहन पार्क करने की बात कही गई है। इस अधिसूचना में शहर के दूसरे स्थानों पर भी पार्किंग को चिह्नित करते हुए पार्क किए जाने वाले वाहनों की संख्या भी निर्धारित की गई है।
इस अधिसूचना के सामने आने से मालरोड पर जहां पार्किंग होने और न होने को लेकर उपजा विवाद शांत हो पाने की उम्मीद है। वहीं इस मसले को लेकर शहर के वरिष्ठ अधिवक्ता शकील अहमद शेख ने पुलिस अधीक्षक सिरमौर को शिकायत दी है। इस शिकायत के साथ जिला दंडाधिकारी सिरमौर की ओर से साल 2006 में जारी की गई अधिसूचना को भी संलग्न किया है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में कहा कि जिला दंडाधिकारी सिरमौर ने साल 2006 में शहर में पार्किंग की कमी को देखते हुए जगह-जगह पार्किंग स्थल चिह्नित किए थे। इनमें अनुराग स्टूडियो से लेकर सेंटर बैंक तक का एरिया भी वाहनों की पार्किंग के लिए चिह्नित किया गया था। उन्होंने बताया कि यहां पर बाकायदा पार्किंग का भी बोर्ड चस्पां किया गया था जिसे बाद में लोक निर्माण विभाग ने नो पार्किग में बदल दिया। इससे यहां भ्रम की स्थिति पैदा हुई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि जिला दंडाधिकारी सिरमौर की अधिसूचना को लागू करने के लिए संबंधित विभाग को उचित दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
-संवाद
नाहन के माल रोड़ पर पार्किंग विवाद का कारण बना स्थल। संवाद