तीन नेपाली लड़कों ने डंडों से दुकानदार और अन्य से की मारपीट
दुकानदार, ग्राहक समेत अन्य को आईं गंभीर चोटें, एक पीजीआई रेफर
पुलिस ने दर्ज किया मामला, छानबीन जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। तीन नेपाली युवकों की ओर से मंगलवार देर रात को एक नाई की दुकान में घुसकर दुकान चलाने वाले दो भाइयों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस दौरान वहां कटिंग करवाने आए एक युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। यही नहीं, आरोपियों की ओर से अस्पताल जाते हुए गाड़ी रोककर दोबारा मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
सुधवीर पुत्र सतीश कुमार ने प्राथमिकी दर्ज करवाई कि वह मंगलवार रात करीब 8.15 बजे अपनी दुकान में एक ग्राहक पारस पुत्र हरदेव भारद्वाज की कटिंग कर रहा था, जबकि उसका बड़ा भाई आसवीर बस अड्डे की तरफ गया हुआ था। उसी समय एक नेपाली लड़का दुकान में आया और उसने कटिंग करवाने को बोला। थोड़ी देर बाद दो अन्य नेपाली लड़के दुकान पर आए और आते ही उन्होंने अपने जैकेट के अंदर से लोहे के डंडे निकाल लिए। पहले से बैठे नेपाली लड़के ने भी जैकेट से लोहे का डंडा निकाला और उसके साथ मारपीट करने लगे।
झगड़े की आवाजें सुनकर उसका भाई और सड़क में आने जाने वाले लोग तुरंत दुकान में आ गए। लोगों को आता देखकर यह तीनों नेपाली लड़के दुकान से भाग गए और कटिंग करवा रहे ग्राहक पारस के सिर पर डंडों से प्रहार कर गए। इस कारण वह बेहोश होकर वहीं गिर गया। जबकि इस मारपीट व झगड़े से उसकी बाईं बाजू पर चोट लगी हैं। यही नहीं जब वह पारस को बेहोशी की हालत में इलाज के लिए राजगढ़ अस्पताल ले जा रहे थे तो इन तीनों नेपाली युवकों ने इनका रास्ता रोककर दोबारा लोहे के डंडों से मारपीट की। इससे उसके भाई आसवीर को चोटें आईं और चाचा के बेटे कर्णबीर को सिर पर चोट आई है। पारस को सिर पर गंभीर चोट लगी है, उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सोलन और वहां से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
डीएसपी वीसी नेगी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 126 (2), 115(2) व 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया है और नेपाली युवकों की तलाश की जा रही है।
संवाद