नाहन के पक्का तालाब के समीप वारदात, दो नाबानिग गुट भिड़े
पुलिस ने शिकायत के आधार पर 7 के खिलाफ दर्ज किया मामला
वारदात में प्रयोग किए गए हथियार भी किए गए बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। शहर में नाबालिग युवकों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। इस दौरान दो नाबालिग युवकों को चेहरे और मुंह में चोटें आई हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 7 के करीब नाबालिग युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया है। पीड़ितों का मेडिकल भी करवा लिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के पक्का तालाब के समीप नाबालिगों के बीच यह मारपीट हुई है। हालांकि स्पष्ट नहीं है, लेकिन बताया जा रहा है कि क्षेत्रवाद या संबंधित क्षेत्र के निवासी होने को लेकर बहस हुई और यह बहस मारपीट में बदल गई। इस दौरान युवकों के बीच लात-घूंसे, डंडे और पंच आदि चले। घटना में दो नाबालिग युवकों को चेहरे पर चोटें आई हैं और दांत टूट गए हैं। घटना के बाद पुलिस चौकी गुन्नूघाट में भीड़ जुटी रही। दोनों पक्षों से लोग यहां पहुंचे।
एसपी एनएस नेगी ने बताया कि पीड़ित दोनों नाबालिग युवकों की शिकायत पर पुलिस थाना नाहन में 7 नाबालिग युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। चोटिल युवकों का मेडिकल करवा लिया गया है। वहीं, वारदात में प्रयोग किए गए डंडे और पंच आदि भी पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।
संवाद