पच्छाद के काहन गांव के समीप पेट्रोल पंप के पास पानी के खाली टैंक में फंसा तेंदुआ। स्रोत : जागरू
पच्छाद के काहन पेट्रोल पंप के पास हुई घटना
-लोगों ने जंगल में छोड़े जाने पर जताई नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के काहन पेट्रोल पंप के पास तेंदुए पानी के टैंक में गिर गया। सुबह के समय लोगों ने तेंदुए के गुर्राने की आवाज सुनी। इस दौरान टैंक के भीतर तेंदुए को फंसा पाया। लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। वन परिक्षेत्र अधिकारी रीना ठाकुर की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंची।
ग्रामीणों के अनुसार टैंक शामलात भूमि पर अंडरग्राउंड बना हुआ है। इसकी गहराई 10 फीट के आसपास है। रात भर पानी में फंसे रहने के कारण तेंदुए की हालत काफी खराब हो गई थी। रेस्क्यू ऑपरेशन करते हुए विभाग ने पहले मोटर लगाकर टैंक से पानी को बाहर निकाला। उसके बाद टैंक के भीतर चीड़ के सूखे पेड़ का एक भारी ठूंठ डाला। सीढ़ी के रूप में डाले ठूंठ के सहारे तेंदुआ बाहर निकला और जंगल में भाग लिया।
वन परिक्षेत्र अधिकारी रीना ठाकुर बताया कि तेंदुए को बाहर निकाला गया। विभाग की ओर से पिंजरा भी मंगवाया गया था। पूर्व प्रधान अनूप शर्मा, भूपेंद्र शर्मा, कौशल दत्त, गणेश शर्मा, राहुल शर्मा, नरेंद्र शर्मा ने बताया कि काहन व आसपास के पास गांव में कई दिनों से तेंदुए आतंक मचा रखा है। यह कई पशुओं को वह शिकार बना चुका है। उन्होंने वन विभाग से तेंदुए को जंगल में छोड़ने पर भी नाराजगी जताई है। विभाग को इसे या तो चिड़ियाघर में भेजना चाहिए था या कोई और प्रबंध करना चाहिए था।