ददाहू (सिरमौर)। बिजली की खपत को कम करने के लिए एलईडी बल्बों का लालच क्षेत्र के उपभोक्ताओं को महंगा पड़ गया है। नकद पैसे देकर एलईडी बल्ब खरीदने के बावजूद कुछ एक लोगों के बिजली बिलों में एलईडी बल्बों के पैसे जोड़ दिए हैं। इसे क्षेत्र के उपभोक्ताओं में विभाग के प्रति गहरा रोष व्याप्त है। जबकि एलईडी वितरक एवं कंपनी के प्रतिनिधि अब क्षेत्र में कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं।
उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने 100 रुपये प्रति बल्ब की दर से नकद पैसे देकर एलईडी बल्ब खरीदे थे, लेकिन इस माह दिए गए बिजली के बिलों में 285 रुपये अतिरिक्त जोड़े गए हैं। बिजली बिलों में एलईडी बल्ब की पहली किश्त को दर्शाया गया है।
उधर, बिजली बोर्ड के अधिशाषी अभियंता पीसी दत्ता ने बताया कि एलईडी बल्बों का वितरण किसी कंपनी द्वारा किया गया है। उन्हें केवल एलईडी बल्बों की बकाया राशि को ही बिजली बोर्ड को बताना था। पैसे के लेनदेन में ऐसी गलती कैसे सामने आई, इस बात की जांच करवाई जाएगी। संबंधित कंपनी से जवाब मांगा जाएगा।