संघ बोला, पूरी औपचारिकताओं के बाद हुई पदोन्नति, अब प्रताड़ना ठीक नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन(सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश विद्यालय प्रवक्ता संघ जिला सिरमौर ने शिक्षा निदेशालय की ओर से हाल ही में पदोन्नत हुए प्रवक्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी करने पर कड़ा विरोध व्यक्त किया है। प्रवक्ता संघ राज्य चेयरमैन सुरेंद्र पुंडीर, जिला अध्यक्ष सिरमौर डॉ. आईडी राही, महासचिव दिनेश शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा, कोषाध्यक्ष लाल सिंह ठाकुर, महिला विंग अध्यक्ष संध्या चौहान और समस्त खंड अध्यक्षों ने संयुक्त प्रेस बयान में कहा कि शिक्षकों की पदोन्नति विभाग की ओर से संपूर्ण औपचारिकताओं को पूर्ण करने के बाद की गई है। ऐसे में अब पदोन्नत प्रवक्ताओं को इस प्रकार से प्रताड़ित किया जाना उचित नहीं है।
राज्य चेयरमैन ने कहा वरिष्ठता अथवा कनिष्ठता का निर्धारण करना विभाग का कार्य है, न कि किसी शिक्षक का। ऐसे में यदि विभागीय स्तर पर किसी प्रकार की त्रुटि हुई है तो उसके लिए संबंधित अधिकारी से जवाब तलब किया जाए न कि पदोन्नत शिक्षकों से।
संघ के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि यह अजीबो-गरीब परिस्थितियां विभाग की ओर से माननीय न्यायालयों के निर्देशों पर उचित समय पर उचित कार्यवाही न किए जाने के कारण बनी है। अभी आगे भी विभाग की ओर से ऐसी ही प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से अनुबंध कार्यकाल की वेतन वृद्धियां एवं वरिष्ठता के माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों पर गंभीरता से उचित कार्यवाही न किए जाने से भविष्य में भी विभिन्न स्तर पर पुन: ऐसी ही समस्या उत्पन्न होने की आशंका बनी हैं।
संघ ने विद्यालय शिक्षा निदेशक से निवेदन किया हैं कि इन निर्देशों को तुरंत प्रभाव से वापस ले कर पदोन्नत प्रवक्ताओं के संबंध में यथास्थिति बनाई रखी जाए और कनिष्ठ शिक्षकों की पदोन्नति के लिए अन्य वैकल्पिक व्यवस्था को तलाशा जाए।
संवाद