विधायक अजय सोलंकी ने विद्युत सब्सिडी छोड़ अन्यों से की अपील
कहा, विद्युत उपभोक्ता स्वेच्छा से बिजली सब्सिडी छोड़ सरकार के इस आर्थिक सशक्तता अभियान से रहे हैं जुड़
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के बिजली बिलों में सब्सिडी छोड़ने संबंधी अभियान के अन्तर्गत बुधवार को सिरमौर जिले के नाहन में एक जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने की।
इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि सब्सिडी छोड़ो अभियान एक स्वैच्छिक सब्सिडी छोड़ो अभियान है जिसके अन्तर्गत विद्युत उपभोक्ता स्वेच्छा से बिजली सब्सिडी छोड़ कर सरकार के इस आर्थिक सशक्तता के अभियान से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने इस अवसर पर स्वयं बिजली सब्सिडी छोड़ते हुए सभी से इस अभियान में जुड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हिमाचल प्रदेश समग्र विकास के साथ-साथ आर्थिक विकास की राह पर चल पड़ा है और इस तरह की योजनाएं आमजन की सरकार के साथ सहभागिता दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर नागरिक को सरकार के साथ विकास के लिए जुड़ना चाहिए।
नाहन विद्युत वृत्त के अधीक्षण अभियंता ई. दर्शन सिंह ठाकुर ने विधायक को जानकारी दी कि बुधवार को लगभग 100 विद्युत उपभोक्ताओं ने सब्सिडी छोड़ने के आवेदन मुख्यमंत्री की अपील पर भरे हैं, इससे न केवल सरकार की आर्थिकी में सुधार होगा वहीं हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड लिमिटेड को भी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष ज्ञान चंद, स्थानीय पार्षद राकेश गर्ग, योगेश गुप्ता, युवा कांग्रेस नेता बबलू पराशर, प्रमोद, रोड सेफ्टी क्लब के प्रधान नरेंद्र तोमर सहित बिजली बोर्ड के अतिरिक्त निदेशक एवं सलाहकार अनुराग पराशर, उपनिदेशक शिक्षा राजीव ठाकुर अन्य गण्यमान्य व्यक्ति व बिजली बोर्ड के अन्य अधिकारी और आम घरेलू विद्युत उपभोक्ता उपस्थित रहे।