संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। महापुरुषों के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के संकल्प के साथ प्रताप सामुदायिक भवन नाहन में रविवार को कोली समाज सिरमौर की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रो. बलबीर सिंह गौड़ ने की। बैठक में निर्णय लिया गया कि 14 अप्रैल को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर और एक मई को महात्मा बुद्ध की जयंती को ऐतिहासिक रूप से मनाया जाएगा।
कार्यक्रम का आगाज 14 अप्रैल की सुबह 10 बजे बस स्टैंड स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगा। इसके बाद समाज भवन में एक बौद्धिक संगोष्ठी का आयोजन होगा, जहां बाबा साहेब के संघर्ष और उनके योगदान पर मंथन किया जाएगा।
इसके बाद एक मई को महात्मा बुद्ध जयंती का आयोजन किया जाएगा। इसमें समाज के बच्चों के लिए चित्रकला और भाषण स्पर्धा का आयोजन किया जाएगा।
महासचिव जीत सिंह चौहान ने बताया कि चित्रकला के कनिष्ठ वर्ग में आठवीं से दसवीं और वरिष्ठ वर्ग में 11वीं व 12वीं के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। बैठक में बोर्ड परीक्षाओं में अच्छे अंक लाने वालों को सम्मानित करने का भी निर्णय लिया गया। प्रो. बलबीर सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं में सरकारी स्कूलों के 80 प्रतिशत से अधिक और निजी स्कूलों के 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले समुदाय के मेधावी बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा।
तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए समाज के पदाधिकारियों ने 12 और 19 अप्रैल को फिर से बैठक बुलाने का निर्णय लिया है। बैठक में आयोजन स्थल के रंग रोगन का कार्य निपटाने के लिए नाहन मंडल के महासचिव राकेश तोमर को प्राधिकृत किया गया। पूर्व जिला अध्यक्ष भगत राम पुंडीर ने डोनेशन और सदस्यता शुल्क की पर्चियां अलग-अलग काटने पर बल दिया।
इस अवसर पर प्रो. बलबीर सिंह गौड़, जीतराम चौहान, अशोक कुमार तोमर, मनीराम पुंडीर, हिमेश चौहान, भगत राम पुंडीर, राकेश तोमर आदि मौजूद रहे।
-संवाद
नाहन में कोली समाज की बैठक के दौरान अपनी बात रखते महासचिव। संवाद