-माजरा में सरेराह चाकूबाजी, नाबालिग युवक हुआ घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब/धौलाकुआं (सिरमौर)। सिरमौर में मारपीट और हिंसक वारदात का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। ताजा मामला पांवटा साहिब के माजरा क्षेत्र से सामने आया है, जहां बीच रास्ते बाइक सवार दो युवकों को रोककर 17 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में युवक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव मटक-माजरी, पांवटा साहिब निवासी आदित्य चौधरी ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई हिमांशु के साथ मोटरसाइकिल पर माजरा बाजार गया था। बाजार से वापस घर लौटते समय राजा की दुकान के समीप पीछे से मोटरसाइकिल पर आए अतीत और जाकरीया ने उनकी बाइक के आगे अपनी बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार दोनों ने पहले कहासुनी शुरू की और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि इसी दौरान जाकरीया ने आदित्य की कमर पर चाकू से वार कर दिया। हमले में वह घायल हो गया। घटना के बाद परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर पुलिस थाना माजरा में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बता दें कि हाल ही में क्षेत्र में कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसमें भंगानी में लाउडस्पीकर विवाद के बाद घर में घुसकर मारपीट का मामला हुआ है। इसमें यहां माहौल भी खराब हुआ। इसके अलावा कोलर में एक दुकान में घुसकर सरेआम बुरी तरह से मारपीट का मामला सामने आया था। वहीं, पांवटा साहिब में ही एक घर को आग लगाने की कोशिश की गई थी। इसमें घर में खड़ी कार बुरी तरह से जल गई थी।