सुपर स्पेशलिटी अस्पताल प्रबंधन ट्रांसप्लांट का लाइसेंस लेने के लिए तैयार कर रहा दस्तावेज
विज्ञापन
डायलिसिस मशीनों को स्थापित करने के प्रयास भी शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना में किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा नए साल में शुरू करने की तैयारी है। निदेशक चिकित्सा शिक्षा कार्यालय किडनी ट्रांसप्लांट शुरू करने के लिए लाइसेंस के दस्तावेज तैयार कर रहा है।
चमियाना अस्पताल में जनवरी या फरवरी में डायलिसिस मशीनों को स्थापित करने और अस्पताल का अपना ब्लड बैंक शुरू करने के प्रयास हैं। इन दोनों सुविधाओं के शुरू होने के साथ ही लाइसेंस लेने की प्रक्रिया पूरी कर चमियाना में किडनी ट्रांसप्लांट शुरू हो सकते है। आईजीएमसी में 13 अगस्त 2019 को एम्स दिल्ली के साथ हुए एमओयू के बाद पहला किडनी ट्रांसप्लांट किया गया था। इसके बाद अस्पताल में पांच ट्रांसप्लांट हुए, 15 ट्रांसप्लांट अभी और किए जाने हैं, जिसमें एम्स दिल्ली के सर्जन सहयोग करेंगे।
विज्ञापन
चमियाना अस्पताल प्रबंधन जल्द लाइसेंस लेने की प्रक्रिया पूरी कर यहां ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू करने के लिए प्रयास कर रहा है। चमियाना अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर शर्मा ने बताया कि सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना में नेफ्रोलॉजी और यूरोलॉजी विभाग के शिफ्ट होने के बाद अब यहीं पर किडनी ट्रांसप्लांट शुरू करने के लिए कार्य किया जा रहा है। इसके लिए नेफ्रोलॉजी विभागाध्यक्ष डाॅ. निशांत नड्डा और उनकी टीम लाइसेंस लेने के लिए आवेदन करने के साथ ही शेष प्रक्रिया पूरी करने के लिए कार्य कर रहा है। डॉ. निशांत ने बताया कि आईजीएमसी और चमियाना अस्पताल में आने वाले किडनी के ऐसे मरीजों का पंजीकरण किया जा रहा है, जिनको ट्रांसप्लांट की आवश्यकता है। यदि यहां पर सुविधा शुरू होती है तो उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। फिलहाल ट्रांसप्लांट करवाने को मरीजों को पीजीआई या एम्स बिलासपुर तथा टांडा मेडिकल कॉलेज ही जाना पड़ता है।
चमियाना अस्पताल को लेना होगा लाइसेंस
किडनी ट्रांसप्लांट शुरू करने के लिए हर अस्पताल को नेशनल टीशू ट्रांसप्लांटेशन आर्गेनाइजेशन की गाइडलाइन के अनुसार एक्ट ट्रांसप्लांटेशन ऑफ ह्यूमन ऑर्गन एक्ट 1994 के तहत अनुमति और लाइसेंस लेना जरूरी है। ट्रांसप्लांट शुरू करने की अनुमति डीएमअई कार्यालय के निरीक्षण और हर तरह की सुविधाओं का आंकलन करने के बाद दी जाती है। वर्ष 2019 में आईजीएमसी को पांच साल के लिए अनुमति दी थी। इसके बाद आईजीएमसी से नेफ्रोलॉजी के तीन चिकित्सकों के दूसरे संस्थानों में चले जाने और यहां नेफ्रोलॉजिस्ट न होने से ट्रांसप्लांट बंद हो गए थे। अब चमियाना अस्पताल के नेफ्रोलॉजी विभाग में दो नेफ्रोलॉजिस्ट हैं। चमियाना अस्पताल में यूरोलॉजी विभाग के ट्रांसप्लांट का प्रशिक्षण प्राप्त चिकित्सक भी उपलब्ध हैं।