प्रदेश में शिक्षा के सुदृढ़ीकरण पर चालू वित्त वर्ष के दौरान 5077 करोड़ की राशि व्यय की जा रही है। यह जानकारी अध्यक्ष रोजगार सृजन एवं संसाधन संचालन हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई क्षेत्र के दूरदराज गांव खोंचा में प्राथमिक पाठशाला का दर्जा मिडल किए जाने की रस्म अदा करने के उपरांत एक जनसभा को संबोधित करते हुए दी।
उन्होंने कहा कि इस पंचायत में दो प्राथमिक स्कूल खोंचा और बोंच को मिडल स्कूल बनाया गया है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में 994 स्कूल अपग्रेड एवं नए खोलने के अतिरिक्त 25 डिग्री कॉलेज राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में खोले गए हैं जिनमें से 144 स्कूल और तीन कॉलेज सिरमौर में खोले गए।
सरकार की ओर से कफोटा में डिग्री कॉलेज स्वीकृत किया गया है जिससे इस क्षेत्र के बच्चों को घरद्वार पर उच्च शिक्षा ग्रहण करने के अवसर प्राप्त होंगे। नये कॉलेज के लिए कफोटा में शीघ्र ही भूमि का चयन किया जा रहा है लेकिन कक्षाएं आरंभ करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर दी जाएगी।