-अधिवक्ता श्याम सिंह चौहान ने विजेताओं को सम्मानित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
शिलाई (सिरमौर)। शिलाई उपमंडल की ग्राम पंचायत शीरी क्यारी में श्री जाहरवीर यूथ स्पोर्ट्स एंड क्लब की ओर से आयोजित 16वीं कबड्डी प्रतियोगिता संपन्न हो गई। प्रतियोगिता में 22 टीमों ने भाग लिया। रोमांचक मुकाबलों के बाद बावटा की टीम विजेता और जीर की टीम उपविजेता रही।
फाइनल एवं समापन समारोह में उच्च न्यायालय के अधिवक्ता श्याम सिंह चौहान मुख्यातिथि रहे। उन्होंने विजेता टीम को अपनी ओर से 11 हजार रुपये की अतिरिक्त पुरस्कार राशि देने की घोषणा की। विजेता टीम को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
श्याम सिंह चौहान ने कहा कि कबड्डी केवल खेल नहीं, बल्कि साहस, अनुशासन और टीम भावना का प्रतीक है। मैदान में खिलाड़ी साहस के साथ-साथ समझदारी और एकजुटता से खेलते हैं। उन्होंने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे से दूर रखने और आपसी भाईचारा बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती हैं। इस मौके पर आयोजक मंडल के अध्यक्ष चतर सिंह और सचिव प्रताप सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।